डीएवी पब्लिक स्कूल गाजियाबाद बना सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 बालक तैराकी चैम्पियन
127 अंक के साथ हासिल किया ओवरऑल खिताब, अल्मा मेटर डे बोर्डिंग स्कूल बरेली और खेतान पब्लिक स्कूल गाजियाबाद संयुक्त रनरअप
मेरठ। आईआईएमटी एकेडमी मेरठ के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 (19) बालक तैराकी चैम्पियनशिप 2026-27 का शनिवार शाम भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल, राजेंद्र नगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद ने 127 अंक प्राप्त कर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। अल्मा मेटर डे बोर्डिंग स्कूल, बरेली और खेतान पब्लिक स्कूल, राजेंद्र नगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद ने 102-102 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से रनरअप स्थान प्राप्त किया।
आईआईएमटी विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्विमिंग पूल में आयोजित प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और नोएडा रीजन के करीब 200 विद्यालयों के लगभग 1000 बालक तैराकों ने विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया। तैराकों ने शानदार प्रदर्शन के साथ अनुशासन, खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक जज्बे का परिचय दिया।
समापन समारोह आईआईएमटी विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने विजेता खिलाड़ियों को पदक, ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। आईआईएमटी विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति डॉ. मयंक अग्रवाल और आईआईएमटी स्कूल्स की प्रबंध संचालिका पियांशु अग्रवाल ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया।
खेल व्यक्तित्व निर्माण का प्रभावी माध्यम
आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योगेश मोहनजी गुप्ता ने अपने संदेश में कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने का प्रभावी साधन हैं। आईआईएमटी शिक्षा के साथ खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए निरंतर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।
प्रति कुलाधिपति डॉ. मयंक अग्रवाल ने कहा कि युवा खिलाड़ियों में अपार संभावनाएं हैं। इस तरह की प्रतियोगिताएं उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। निरंतर अभ्यास और समर्पण से खिलाड़ी देश का नाम विश्व स्तर पर रोशन कर सकते हैं।
आईआईएमटी स्कूल्स की प्रबंध संचालिका पियांशु अग्रवाल ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन को संस्थान के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट अवसर उपलब्ध कराना आईआईएमटी का उद्देश्य है।
हार से निराश नहीं, प्रेरणा लें खिलाड़ी : बाजपेयी
मुख्य अतिथि डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जो खिलाड़ी अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सके, उन्हें निराश होने के बजाय हार से प्रेरणा लेकर और अधिक मेहनत करनी चाहिए। संकल्प, लगन और नियमित अभ्यास के बल पर अगली प्रतियोगिता में सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि भारत में खेलों का भविष्य उज्ज्वल है और नई शिक्षा नीति तथा सरकार की खेलोन्मुखी योजनाओं से खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने आईआईएमटी एकेडमी द्वारा इतने बड़े स्तर पर प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा और प्रदेश व देश को भविष्य के उत्कृष्ट तैराक प्रदान करेगा।
आयु वर्ग में इन तैराकों ने मारी बाजी
अंडर-19 (ग्रुप-1): स्टेप बाय स्टेप स्कूल, सेक्टर-132, नोएडा के वेदांत चंद्रा 35 अंक के साथ प्रथम रहे। डीएवी पब्लिक स्कूल गाजियाबाद के शोनक मलिक 25 अंक के साथ द्वितीय और सेक्रेड हार्ट्स पब्लिक स्कूल, बरेली के आदित्य सक्सेना 24 अंक के साथ तृतीय रहे।
अंडर-17 (ग्रुप-2): ज्ञानश्री स्कूल, नोएडा के शिवांश मिश्रा और एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, नोएडा के अयान विश्नोई 35-35 अंक के साथ संयुक्त रूप से प्रथम रहे। सोशल बालुनी पब्लिक स्कूल, देहरादून के रितेश सिंह अग्रवाल 25 अंक के साथ द्वितीय रहे।
अंडर-14 (ग्रुप-3): कोठारी इंटरनेशनल स्कूल, नोएडा के देवांश रॉय 26 अंक के साथ प्रथम रहे। दिल्ली पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा के ऑरम बिष्ट और लोटस वैली इंटरनेशनल स्कूल, नोएडा के अनाय गुप्ता 24-24 अंक के साथ संयुक्त रूप से द्वितीय रहे।
अंडर-11 (ग्रुप-4): सेंट थेरेसा स्कूल, काठगोदाम के रुद्र जोशी 21 अंक के साथ प्रथम, मयूर स्कूल, नोएडा के शौर्यन मलिक 19 अंक के साथ द्वितीय और बाल भारती पब्लिक स्कूल, नोएडा के आयु त्यागी 17 अंक के साथ तृतीय रहे।
समारोह में विभिन्न आयु वर्गों एवं स्पर्धाओं के विजेताओं को पदक, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। प्रतिभागी विद्यालयों के प्रशिक्षकों एवं टीम प्रबंधकों ने आईआईएमटी एकेडमी की व्यवस्थाओं और आतिथ्य की सराहना की।
आईआईएमटी एकेडमी की प्रधानाचार्या अलका शर्मा ने अतिथियों, प्रतिभागी विद्यालयों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, टीम प्रबंधकों और आयोजन समिति का आभार जताया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सीबीएसई पर्यवेक्षक सुरेश देशवाल, तैराकी संघ के अध्यक्ष सुरेश दलाल और अंतरराष्ट्रीय तैराकी कोच राजीव नागपाल के सहयोग के लिए विशेष आभार व्यक्त किया।
आयोजन में आईआईएमटी स्कूल्स के डायरेक्टर डॉ. पीके शर्मा, नीरज विक्टर डेविस, प्रत्यक्ष गुप्ता, अभय धामा एवं मीडिया प्रभारी सुनील शर्मा का विशेष योगदान रहा।


No comments:
Post a Comment