UP चुनाव 2027: बिना आरक्षण भी महिलाओं पर बड़ा दांव! भाजपा दे सकती है 33% टिकट, मेरठ में सरोज कुशवाहा का ऐलान

मेरठ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के तहत भारतीय जनता पार्टी ने महिला मोर्चा के जरिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति तेज कर दी है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने शुक्रवार को मेरठ के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि पार्टी महिलाओं को अधिक राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के लिए प्रतिबद्ध है और आगामी विधानसभा चुनाव में महिलाओं को 33 प्रतिशत टिकट देने की तैयारी कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए पूरी तरह संकल्पित हैं। हालांकि संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होने में समय लग सकता है, लेकिन भाजपा अभी से महिलाओं को चुनावी राजनीति में अधिक अवसर देने की दिशा में काम कर रही है।

बूथ स्तर तक महिला संगठन को मजबूत करने की रणनीति

सरोज कुशवाहा ने बताया कि भाजपा का लक्ष्य प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर महिला मोर्चा को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, तीन तलाक की समाप्ति और महिला कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के कारण बड़ी संख्या में महिलाएं भाजपा की "साइलेंट वोटर" बन चुकी हैं। अब इन महिलाओं को सक्रिय कार्यकर्ता बनाकर घर-घर तक पार्टी की नीतियां पहुंचाई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ता भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ धारा 370, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पार्टी की वैचारिक सोच से भी लोगों को अवगत कराएंगी।

कांग्रेस और सपा पर बोला हमला

प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस के "लड़की हूं, लड़ सकती हूं" अभियान पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस पार्टी ने दशकों तक देश पर शासन किया, उसे अब महिलाओं की चिंता हो रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने हमेशा महिलाओं को विधायक, सांसद और राज्यसभा सदस्य जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अवसर दिए हैं।

समाजवादी पार्टी पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि "सपा का पीडीए हवा में है।"

कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर सरकार का दावा

सरोज कुशवाहा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की कानून-व्यवस्था को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश का माहौल पहले की तुलना में काफी बेहतर हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेटियां सुरक्षित माहौल में शिक्षा प्राप्त कर रही हैं और महिलाओं की सुरक्षा भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

भारतीय संस्कृति में महिलाओं के सम्मान का उल्लेख

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गार्गी और मैत्रेयी जैसी विदुषियों की परंपरा महिलाओं के सम्मान और ज्ञान का प्रतीक रही है। वर्तमान में मोदी और योगी सरकारों ने महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए हैं।

पत्रकार वार्ता में महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष वर्षा कौशिक, अंजू वारियर तथा भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts