मेरठ छात्रा हत्याकांड पर गरमाई सियासत, मायावती पर चंद्रशेखर का बेनाम हमला

मेरठ। अनुसूचित जाति की छात्रा हत्याकांड को लेकर मेरठ में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को पुलिस ने सिवाया टोल प्लाजा पर रोक दिया। बाद में प्रशासन की व्यवस्था के तहत सिवाया टोल प्लाजा के कंट्रोल रूम में उनकी पीड़ित परिवार से मुलाकात कराई गई।

कई घंटे तक चली गहमागहमी के बाद चंद्रशेखर आजाद ने मृतका की मां और बहन से बातचीत कर घटना की जानकारी ली तथा न्याय दिलाने की लड़ाई में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार भी मौजूद रहे।

दलित समाज पर कार्रवाई को लेकर जताई नाराजगी

पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में चंद्रशेखर आजाद ने दलित समाज के लोगों पर हुई पुलिस कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने कहा कि लोगों के साथ मारपीट किसी भी स्थिति में उचित नहीं है और पुलिस को कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि उन्हें अवसर मिला तो वह इस पूरे प्रकरण को संसद में भी उठाएंगे। साथ ही पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और गिरफ्तार लोगों की रिहाई की मांग को लेकर आंदोलन करने की बात भी कही।

निष्पक्ष जांच और समयबद्ध न्याय की मांग

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को समयबद्ध न्याय मिलना चाहिए। उनका कहना था कि वह इस मामले को दबने नहीं देंगे और हर स्तर पर पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहेंगे।

मायावती पर बिना नाम लिए साधा निशाना

पत्रकारों के सवालों के जवाब में चंद्रशेखर आजाद ने बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती का नाम लिए बिना उन पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा, "हम मगरमच्छ के आंसू बहाने आते हैं, आप भी आओ न मगरमच्छ के आंसू बहाने, आपको किसने रोका है।"

उन्होंने यह भी कहा कि केवल अदालत का रास्ता बताने से न्याय पर्याप्त नहीं होगा। उनके अनुसार पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिलना चाहिए, ताकि समाज में बेटियों की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।

पहले मायावती भी कर चुकी हैं टिप्पणी

इससे पहले बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने भी बिना नाम लिए चंद्रशेखर आजाद पर निशाना साधते हुए कहा था कि कुछ संगठन और राजनीतिक दल अपने संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थ के लिए दलित और वंचित समाज के लोगों को गुमराह कर सड़कों पर उतार रहे हैं।

टोल प्लाजा पर रहा कड़ा सुरक्षा घेरा

चंद्रशेखर आजाद के मेरठ पहुंचने से पहले सिवाया टोल प्लाजा पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। बैरिकेडिंग कर कई मार्गों पर आवाजाही नियंत्रित की गई। मौके पर एसपी ग्रामीण अभिजीत कुमार, एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (नगर) बृजेश सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में आजाद समाज पार्टी के समर्थकों के पहुंचने से टोल प्लाजा पर लंबे समय तक हलचल बनी रही।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts