ललिता गौतम हत्याकांड:
पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने रोका, पार्टी ने जताया विरोध
मेरठ। ललिता गौतम हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस नेताओं को शुक्रवार को पुलिस ने उनके आवासों पर ही रोक दिया। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को "हाउस अरेस्ट" बताते हुए प्रशासन पर लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन का आरोप लगाया।
कांग्रेस के अनुसार महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा, जिलाध्यक्ष गौरव भाटी, पूर्व जिलाध्यक्ष अवनीश काजला समेत पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने गांव जाने वाला था। इससे पहले ही पुलिस ने कई नेताओं को उनके घरों से बाहर नहीं निकलने दिया।
पार्टी नेताओं के मुताबिक, पूर्व जिलाध्यक्ष अवनीश काजला को शीलकुंज स्थित उनके आवास पर देर रात से ही पुलिस निगरानी में रखा गया। वहीं पूर्व विधायक गजराज सिंह, महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा, जाहिद अंसारी, धूम सिंह गुर्जर, विशाल वशिष्ठ, सलीम खान और रीना शर्मा को भी उनके-अपने आवासों पर रोक दिया गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार सच को दबाने का प्रयास कर रही है। उनका कहना है कि पार्टी का प्रतिनिधिमंडल केवल शोकाकुल परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त करना और उन्हें न्याय दिलाने के संघर्ष में साथ होने का भरोसा देना चाहता था, लेकिन प्रशासन ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया।
पार्टी ने पुलिस की कार्रवाई को अलोकतांत्रिक बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की और कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।


No comments:
Post a Comment