मानवता को मिला सम्मान: 'एक उम्मीद, कई हाथ – Together for Ritu' बना सामाजिक सहयोग की मिसाल

विधायक अमित अग्रवाल ने ऋतु के उपचार में सहयोग देने वाले चिकित्सकों व सहयोगकर्ताओं को किया सम्मानित

मेरठ। डिपार्टमेंट ऑफ ब्रेस्ट एंड एंडोक्राइन सर्जरी, BENS Super Speciality Clinic एवं Nutema Hospital द्वारा PRASHASTI Community के सहयोग से शनिवार को "एक उम्मीद, कई हाथ – Together for Ritu" कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ब्रेस्ट कैंसर सर्वाइवर सुश्री ऋतु के उपचार में सहयोग देने वाले चिकित्सकों, दानदाताओं, स्वयंसेवकों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करना तथा मानवता एवं सामूहिक सहयोग की भावना को सम्मान देना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल रहे। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास यह साबित करते हैं कि जब समाज निस्वार्थ भाव से एक-दूसरे का साथ देता है, तब कठिन से कठिन परिस्थितियों पर भी विजय प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने इस मानवीय पहल के लिए BENS Super Speciality Clinic, Nutema Hospital और PRASHASTI Community की सराहना की।

इस अवसर पर विधायक अमित अग्रवाल ने ऋतु के उपचार एवं स्वस्थ होने की यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले चिकित्सकों को सम्मानित किया। सम्मानित चिकित्सकों में डॉ. विश्वजीत बेंबी, डॉ. मीना बेंबी, डॉ. प्रशांत सोलंकी, डॉ. हरेंद्र कुमार, डॉ. रोहित के. काम्बोज, डॉ. राजीव रस्तोगी, डॉ. अमृत फुल्ल तथा डॉ. चानी जैन शामिल रहे। सभी चिकित्सकों की सेवा भावना और विशेषज्ञता की सराहना की गई।

कार्यक्रम में डॉ. सुधा ए. काम्बोज, कंसल्टेंट एवं विभागाध्यक्ष, डिपार्टमेंट ऑफ ब्रेस्ट एंड एंडोक्राइन सर्जरी, Nutema Hospital ने सभी चिकित्सकों, सहयोगकर्ताओं, दानदाताओं और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज की उपचार यात्रा केवल चिकित्सा तक सीमित नहीं होती, बल्कि समाज का सहयोग, विश्वास और संवेदनशीलता भी उसके स्वस्थ होने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समारोह के दौरान "एक उम्मीद, कई हाथ – Together for Ritu" शीर्षक से तैयार विशेष डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। इसमें ऋतु की प्री-ऑप से लेकर पोस्ट-ऑप रिकवरी तक की उपचार यात्रा, संघर्ष, साहस और सहयोग की प्रेरणादायक कहानी को प्रस्तुत किया गया। डॉक्यूमेंट्री ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया और मानवता, आशा तथा सामूहिक सहयोग का सशक्त संदेश दिया।

कार्यक्रम में चिकित्सकों, समाजसेवियों, दानदाताओं, स्वयंसेवकों एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी ने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे मानवीय प्रयासों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

आयोजकों ने कहा कि "एक उम्मीद, कई हाथ – Together for Ritu" केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि यह संदेश है कि जब समाज किसी जरूरतमंद के साथ एकजुट होकर खड़ा होता है, तब आशा, विश्वास और मानवता की नई मिसाल स्थापित होती है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts