दिल्ली पब्लिक स्कूल मेरठ में स्कॉलर बैच सेरेमनी का भव्य आयोजन
शिक्षा, खेल और शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
मेरठ। दिल्ली पब्लिक स्कूल, मेरठ में शनिवार को "स्कॉलर बैच सेरेमनी" का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य शिक्षा, खेल एवं शत-प्रतिशत उपस्थिति के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करना था।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) नूपुर गोयल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वास्तविक विद्वान वही होता है जो अपने ज्ञान को व्यवहार में उतारता है। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और विद्यालय व अपने अभिभावकों का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि एवं विद्यालय के प्रबंधक अतुल कुमार सिंह ने कहा कि कठिन परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे भविष्य में देश के जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीष सेकसरिया ने मुख्य अतिथि नूपुर गोयल एवं विशिष्ट अतिथि अतुल कुमार सिंह का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। अपने स्वागत संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों के अनुशासन, समर्पण और शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना की।
स्कॉलर बैच प्राप्त करते समय विद्यार्थियों के साथ उपस्थित अभिभावकों के चेहरों पर गर्व और खुशी स्पष्ट दिखाई दी। विद्यालय की प्रो वाइस चेयरपर्सन शशि सिंह ने सम्मानित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य, भाषण और प्रेरक कविताओं ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. श्वेता सिंह एवं अनुमेहा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में उपप्रधानाचार्य डॉ. वर्षा भारद्वाज ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।


No comments:
Post a Comment