राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर प्रियांक खरगे का हमला, पीएम मोदी और RSS से पूछे तीखे सवाल

बोले- मंदिर का श्रेय लिया है तो चढ़ावा चोरी की जिम्मेदारी भी लें, पेपर लीक पर भी केंद्र सरकार को घेरा

बेंगलुरु (एजेंसी)।कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियांक खरगे ने शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि यदि संघ ने राम मंदिर निर्माण का श्रेय लिया है तो उसे इस मामले की जिम्मेदारी भी लेनी चाहिए।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रियांक खरगे ने कहा कि इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को खुली प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की चुनौती देते हुए कहा कि जनता को बताया जाए कि कथित चोरी के लिए कौन जिम्मेदार है और इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई हुई है।

खरगे ने कहा, "अगर आपने राम मंदिर बनाने का श्रेय लिया है तो चढ़ावा चोरी का भी श्रेय लीजिए। इसमें से किसे कितना मिला, यह भी देश को बताइए। इको चैंबर में चर्चा करने के बजाय सार्वजनिक रूप से जवाब दें।"

पेपर लीक पर भी साधा निशाना

प्रियांक खरगे ने राष्ट्रीय स्तर पर पेपर लीक की घटनाओं को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की 'परीक्षा पे चर्चा' की तरह अब नीट पेपर लीक और ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम पर भी चर्चा होनी चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि पिछले दस वर्षों में देश में करीब 90 पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से जवाबदेही तय करने और इस्तीफे की मांग भी उठाई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts