पुरानी रंजिश में खून की होली: दादा-पोते की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या
: ट्यूबवेल और घर पर अलग-अलग वारदात, गन्ने के खेत से बरामद हुई हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी
आजमगढ़ (एजेंसी)।आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते दादा और पोते की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी गई। सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है और आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगा दी हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के अनुसार, वारदात गुरुवार देर रात करीब डेढ़ बजे हेवती डिहवा गांव में हुई। बदमाशों ने सबसे पहले ट्यूबवेल पर सो रहे 70 वर्षीय जगदम्बा प्रसाद यादव की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद करीब 400 मीटर दूर स्थित उनके घर पहुंचकर बरामदे में सो रहे 25 वर्षीय श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
अंकित की दादी फूलकुमारी ने रात में आहट सुनकर आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने घर के अन्य सदस्यों को जगाया तो अंकित लहूलुहान हालत में मिला। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन जब जगदम्बा प्रसाद को बुलाने ट्यूबवेल पहुंचे तो वहां उनका शव पड़ा मिला।
पुलिस ने घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर गन्ने के खेत से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है।
मृतक अंकित के भाई शिव कुमार यादव ने पड़ोसियों के साथ चल रहे भूमि विवाद और पुरानी रंजिश को हत्या की वजह बताया है। परिजनों के अनुसार, अंकित दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था और करीब तीन महीने पहले ही गांव लौटा था।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कई पुलिस टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।


No comments:
Post a Comment