पत्नी ने साथ चलने से किया इनकार, गुस्साए दामाद ने ससुर की चाकू मारकर हत्या

बीच-बचाव करने आए रिटायर्ड कर्मचारी पर किए ताबड़तोड़ वार, बचाने पहुंची पत्नी भी घायल

 15 साल पहले हुई थी लव मैरिज, लंबे समय से चल रहा था दंपती के बीच विवाद

मोदीनगर।पत्नी के साथ चलने से इनकार करने पर गुस्साए दामाद ने अपने ससुर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी को भी आरोपी ने धक्का देकर घायल कर दिया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। घायल ससुर की शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई।

घटना मोदीनगर के फफराना रोड की है। यहां रहने वाले अनार सिंह (65) मोदी रबर फैक्ट्री से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। गुरुवार रात उनका दामाद संदीप चौधरी पत्नी मोनिका उर्फ मोनू को मनाने ससुराल पहुंचा। बताया गया कि तीन दिन पहले पत्नी से विवाद के दौरान उसने उसे थप्पड़ मार दिया था, जिसके बाद मोनिका मायके आ गई थी।

पत्नी के इनकार पर बढ़ा विवाद

रात करीब 10:30 बजे संदीप शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी से अपने साथ चलने की जिद करने लगा। मोनिका के मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शोर सुनकर अनार सिंह बाहर आए और दामाद को समझाने के साथ घर से जाने के लिए कहा।

इसी दौरान आरोपी ने कमर से चाकू निकालकर अनार सिंह पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। पिता को बचाने पहुंची मोनिका को भी धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उसका अंगूठा घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी चाकू लेकर पैदल ही फरार हो गया।

अस्पताल में तोड़ा दम

परिजन गंभीर रूप से घायल अनार सिंह को यशोदा अस्पताल ले गए, जहां शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक के बेटे दीपांशु ने बताया कि बहन और बहनोई के बीच पिछले करीब एक वर्ष से विवाद चल रहा था। गुरुवार रात संदीप ने शराब के नशे में बहन को जान से मारने की धमकी दी और पिता के विरोध करने पर उन पर चाकू से हमला कर दिया।

15 साल पहले हुई थी प्रेम विवाह

परिजनों के अनुसार, मोनिका और संदीप ने करीब 15 वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। संदीप मूल रूप से बुलंदशहर के शिकारपुर का निवासी है और वर्तमान में मोदीनगर के ब्रह्मपुरी क्षेत्र में रहकर एक दवा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के रूप में कार्यरत है।

एसओ मोदीनगर आनंद प्रकाश ने बताया कि पत्नी से चल रहे विवाद के दौरान आरोपी ने ससुर की हत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts