बारिश बनी काल: तालाब में डूबे राजस्व कर्मचारी का शव 12 घंटे बाद मिला
सड़क पर फैले पानी से नहीं लगा तालाब का अंदाजा, पीएसी और गोताखोरों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
बिजनौर।बिजनौर के मंडावर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में तालाब में डूबे राजस्व विभाग के सीजनल कर्मचारी अशोक कुमार (50) का शव करीब 12 घंटे की तलाश के बाद बरामद कर लिया गया। पीएसी और स्थानीय गोताखोरों की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को तालाब से बाहर निकाला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना गुरुवार सुबह करीब आठ बजे की है। अशोक कुमार बिजनौर तहसील के राजस्व विभाग में सीजनल कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। वह गांव की दुकान पर सामान लेने जा रहे थे। लगातार बारिश के कारण तालाब का पानी सड़क तक फैल गया था, जिससे उन्हें तालाब की गहराई का अंदाजा नहीं लग सका और वह फिसलकर पानी में गिर गए।
घटना के बाद एक ग्रामीण ने शोर मचाया, जिस पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन अशोक गहरे पानी में डूब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहले स्थानीय गोताखोरों के साथ तलाश अभियान चलाया। कई घंटे तक सफलता नहीं मिलने पर मुरादाबाद की 23वीं वाहिनी पीएसी की टीम को भी बुलाया गया। संयुक्त अभियान के बाद करीब 12 घंटे में शव बरामद कर लिया गया।
मृतक अपने पीछे तीन बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर नायब तहसीलदार फैसल कमर भी गांव पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।


No comments:
Post a Comment