2027 का रण, आधी आबादी पर दांव
मेरठ से भाजपा ने महिला शक्ति को दिया चुनावी मंत्र
महिला मोर्चा की रणनीतिक बैठक में बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों पर मंथन
मेरठ।उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को गति देने के लिए भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा पश्चिम क्षेत्र की रणनीतिक बैठक शुक्रवार को बागपत रोड स्थित हरमन सिटी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आगामी चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
भाजपा पश्चिम क्षेत्र के अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने कहा कि महिला कार्यकर्ताओं की ऊर्जा, समर्पण और नेतृत्व क्षमता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ और शक्ति केंद्र पर नियमित बैठकें आयोजित करने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि "मजबूत बूथ ही चुनावी जीत की सबसे मजबूत नींव है।"
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी लगातार बढ़ी है और भाजपा ने महिलाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा में स्थान देकर उनकी भूमिका को मजबूत किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास से भाजपा 2027 का विधानसभा चुनाव ऐतिहासिक बहुमत से जीतेगी।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि प्रत्येक महिला कार्यकर्ता को संगठन के लिए अधिक समय और ऊर्जा समर्पित करनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं पर विश्वास जताते हुए उन्हें नेतृत्व के अधिक अवसर दिए हैं और अब इस विश्वास को और मजबूत करना महिलाओं की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार नदी निरंतर अपने लक्ष्य की ओर बहती रहती है, उसी प्रकार महिला कार्यकर्ताओं को भी पार्टी की विचारधारा, राष्ट्रहित और संगठन की मजबूती को लक्ष्य बनाकर निरंतर कार्य करना चाहिए। उन्होंने महिलाओं से राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने और भविष्य में अधिक संख्या में सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधि बनने का आह्वान किया।
बैठक का संचालन पश्चिम क्षेत्र महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष वर्षा कौशिक ने किया। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री दीपमाला संतोषी, क्षेत्रीय महामंत्री डॉ. विकास अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री रश्मि रावल, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अंजू वॉरियर, पूर्व राज्यसभा सदस्य कांता कर्दम, प्रदेश मंत्री नूतन शर्मा, रुचि गर्ग, छवि शर्मा, तुलसी भारद्वाज सहित भाजपा एवं महिला मोर्चा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment