विश्व जनसंख्या दिवस से शुरू होगा परिवार नियोजन महाअभियान
11 से 18 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान, महिला जिला अस्पताल में होगा शुभारंभ
मेरठ। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से शनिवार से जिले में विशेष परिवार नियोजन जागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान का शुभारंभ महिला जिला अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम से होगा। यह विशेष अभियान 11 से 18 जुलाई तक संचालित किया जाएगा।
इस वर्ष अभियान की थीम "विकसित भारत की नई पहचान, परिवार नियोजन हर दंपत्ति की शान" तथा "दो बच्चों में पर्याप्त अंतर से होगी मां की सेहत की पूरी देखभाल" रखी गई है। अभियान के दौरान दंपत्तियों को परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों की जानकारी देकर उन्हें अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रसाद ने बताया कि अभियान का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार लाना, सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देना तथा परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
परिवार नियोजन अपनाने वालों की संख्या में बढ़ोतरी
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में 5,513 महिलाओं और 110 पुरुषों ने नसबंदी कराई। वहीं 21,901 महिलाओं ने आईयूसीडी, 10,652 महिलाओं ने प्रसवोत्तर आईयूसीडी तथा 34,970 महिलाओं ने अंतरा गर्भनिरोधक इंजेक्शन की सुविधा का लाभ लिया।
वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 (जून 2026 तक) में 1,438 महिलाओं और 16 पुरुषों ने नसबंदी कराई है। इसके अलावा 4,863 महिलाओं ने आईयूसीडी, 1,625 महिलाओं ने प्रसवोत्तर आईयूसीडी तथा 7,319 महिलाओं को अंतरा इंजेक्शन लगाया गया।
पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने पर रहेगा विशेष फोकस
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार परिवार नियोजन कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, लेकिन पुरुष नसबंदी की संख्या अभी भी अपेक्षाकृत कम है। अभियान के दौरान पुरुषों को भी परिवार नियोजन की जिम्मेदारी में बराबर भागीदारी निभाने के लिए जागरूक किया जाएगा, ताकि स्वस्थ परिवार और विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूती मिल सके।


No comments:
Post a Comment