बांकीपुर उपचुनाव:
भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार 'बंटी' ने नामांकन वापस लिया, पारिवारिक कारण बताए
पटना, 10 जुलाई। बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी को उस समय बड़ा झटका लगा, जब पार्टी के उम्मीदवार अभिषेक कुमार 'बंटी' ने अपना नामांकन वापस ले लिया। उन्होंने इस फैसले के पीछे पारिवारिक कारणों का हवाला दिया है।
भाजपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान अभिषेक कुमार 'बंटी' ने कहा कि पारिवारिक परिस्थितियों के कारण वह विधानसभा उपचुनाव नहीं लड़ पाएंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र सौंप दिया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार के रूप में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव लड़ने का अवसर दिया, जिसके लिए वह पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के आभारी हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव नहीं लड़ने के बावजूद वह भाजपा के एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में संगठन की सेवा करते रहेंगे।
भाजपा ने हाल ही में अभिषेक कुमार 'बंटी' को बांकीपुर सीट से उम्मीदवार घोषित किया था। माना जा रहा था कि पार्टी ने इस सीट पर अपने पारंपरिक जनाधार के साथ-साथ कायस्थ मतदाताओं को साधने की रणनीति के तहत उन पर भरोसा जताया था। उनके नामांकन के अवसर पर आयोजित सभा में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे थे।
बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा की परंपरागत मजबूत सीट मानी जाती है। पूर्व विधायक एवं वर्तमान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद यह सीट रिक्त हुई, जिसके कारण यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। इस चुनाव को भाजपा की प्रतिष्ठा से जोड़कर देखा जा रहा है। दूसरी ओर, विपक्ष ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। राष्ट्रीय जनता दल ने अपना उम्मीदवार मैदान में उतारा है, जबकि जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी चुनावी मुकाबले में हैं।
अब अभिषेक कुमार 'बंटी' के नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा की अगली रणनीति और नए उम्मीदवार को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।


No comments:
Post a Comment