NEET UG 2026 का परिणाम घोषित, आर्यन गुप्ता और पंशुल बंसल बने ऑल इंडिया टॉपर
नई दिल्ली, 16 जुलाई (संवाददाता)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने गुरुवार रात नीट यूजी-2026 का परिणाम घोषित कर दिया। देशभर के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित इस मेडिकल प्रवेश परीक्षा में 20 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 11.21 लाख से अधिक उम्मीदवार मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सफल घोषित किए गए हैं।
एनटीए के अनुसार, अभ्यर्थी अपने स्कोरकार्ड नीट यूजी की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। इसके साथ ही ऑल इंडिया रैंक, राज्यवार टॉपर, श्रेणीवार टॉपर और कटऑफ की सूची भी जारी कर दी गई है।
आर्यन गुप्ता और पंशुल बंसल ने किया टॉप
इस वर्ष की परीक्षा में आर्यन गुप्ता और पंशुल बंसल ने सर्वोच्च अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया टॉप रैंक हासिल की। दोनों अभ्यर्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया।
58 प्रतिशत से अधिक सफल अभ्यर्थी महिलाएं
एनटीए के अनुसार, परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों में 58 प्रतिशत से अधिक महिलाएं हैं। सर्वाधिक सफल उम्मीदवारों की आयु 17 से 19 वर्ष के बीच रही। परीक्षा 13 भाषाओं में आयोजित की गई थी, जिसमें देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
138 अभ्यर्थियों ने 690 से अधिक अंक हासिल किए
नीट यूजी-2026 में 138 अभ्यर्थियों ने 720 में से 690 से अधिक अंक प्राप्त किए। इनमें 93 प्रतिशत से अधिक उम्मीदवार पहली बार परीक्षा में शामिल हुए थे, जबकि लगभग 99 प्रतिशत अभ्यर्थियों की आयु 17 से 19 वर्ष के बीच रही।
एनटीए ने कहा कि परिणाम समय पर जारी किए गए हैं, ताकि मेडिकल प्रवेश प्रक्रिया और काउंसलिंग निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुरू हो सके।


No comments:
Post a Comment