यूएस की अर्थव्यवस्था सुधारेंगे भारतीय

रघुराम राजन समेत तीन को मिली बड़ी जिम्मेदारी
नई दिल्ली/वाशिंगटन (एजेंसी)।अमेरिका के फेडरल रिजर्व ने आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन और भारतीय मूल के दो अन्य विशेषज्ञों दिल्ली में जन्मे अमेरिकी अर्थशास्त्री राज चेट्टी और माइक्रोसॉफ्ट की सीनियर एग्जीक्यूटिव आशा शर्मा को अपनी बैलेंस शीट की समीक्षा के लिए चुना है। यह कदम कई वर्षों तक ऊंची महंगाई रहने के बाद मौद्रिक नीति (मॉनिटरी पॉलिसी) बनाने के तरीके में बदलाव लाने के उद्देश्य से शुरू किए गए व्यापक सुधार कार्यक्रम का हिस्सा है।
ये नियुक्तियां अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नए चेयरमैन केविन वॉर्श द्वारा गठित पांच टास्क फोर्स का हिस्सा हैं। इन टास्क फोर्स में बैंक ऑफ इंग्लैंड के पूर्व गवर्नर मर्विन किंग, वॉलमार्ट के पूर्व सीईओ डग मैकमिलन, नोबेल पुरस्कार विजेता थॉमस सार्जेंट और सिलिकॉन वैली के वेंचर कैपिटलिस्ट मार्क आंद्रेसेन जैसी वैश्विक हस्तियां भी शामिल हैं।
वॉर्श ने गुरुवार को कहा कि मुझे गर्व है कि अलग-अलग क्षेत्रों के बेहतरीन दिमाग वाले लोग एक संस्था के तौर पर हमारे काम को बेहतर बनाने के लिए हमारे साथ काम करने को तैयार हुए हैं। हमारा उद्देश्य स्पष्ट है यह सुनिश्चित करना कि फेड इस महत्वपूर्ण समय में अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सबसे बेहतर स्थिति में हो।
फेड चेयरमैन ने राजन की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी, लेकिन उन्होंने कहा कि इस टास्क फोर्स का उद्देश्य फेडरल रिजर्व में नई सोच और नए दृष्टिकोण को शामिल करना है, क्योंकि पिछले पांच वर्षों से अधिक समय से महंगाई केंद्रीय बैंक के लक्ष्य से ऊपर बनी हुई है।

वॉर्श ने कहा कि मैंने ऐसे 15 लोगों से संपर्क किया, जिन्हें मैं जानता हूं, जिन पर मुझे भरोसा है और जिनकी सोच अलग-अलग है। यह पारदर्शिता बढ़ाने और नए विचारों को शामिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।"

No comments:

Post a Comment

Popular Posts