ललिता गौतम प्रकरण: पीड़ित परिवार से मिले CM योगी, बोले— दोषियों को नहीं मिलेगी कोई रियायत
5 लाख की आर्थिक सहायता और आवास का ऐलान, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी होगी सख्त कार्रवाई
मेरठ/गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गाजियाबाद स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में दिवंगत दलित छात्रा ललिता गौतम के परिजनों से मुलाकात कर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने परिवार को न्याय का भरोसा दिलाते हुए कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले की विवेचना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रभावी पैरवी सुनिश्चित कर दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने के लिए सभी आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएं।
5 लाख की मदद, आवास भी मिलेगा
पीड़ित परिवार को तत्काल राहत देते हुए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई। इसके अलावा मृतका के पिता तथा परिवार के एक अन्य पात्र सदस्य को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार को आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड सहित सभी पात्र सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि परिवार को हरसंभव सहायता मिल सके।
इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री एवं मेरठ के जिला प्रभारी मंत्री असीम अरुण, कमिश्नर, डीआईजी सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


No comments:
Post a Comment