शौचालय की खुदाई में निकला 100 साल पुराना खजाना, जमीन से मिले 61 चांदी के सिक्के
कानपुर के फत्तेपुर निहुटा गांव में खुदाई के दौरान मिला दुर्लभ संग्रह, पुलिस ने सिक्के सील कर जांच शुरू की
कानपुर। जिले के शिवली थाना क्षेत्र के फत्तेपुर निहुटा गांव में शौचालय के लिए गड्ढा खोदते समय जमीन से 61 पुराने चांदी के सिक्के मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सिक्कों की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें कब्जे में लेकर सील कर जांच के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, किसान ब्रज किशोर गुप्ता अपने मकान के पास शौचालय निर्माण के लिए खुदाई करा रहे थे। करीब तीन से चार फीट गहराई पर मजदूरों को जमीन के भीतर धातु जैसी वस्तु दिखाई दी। मिट्टी हटाने पर वहां से एक-एक कर 61 चांदी के सिक्के बरामद हुए।
ब्रिटिश शासनकाल के बताए जा रहे सिक्के
बरामद सिक्कों पर वर्ष 1878, 1904, 1914 और 1916 अंकित हैं। इनमें तत्कालीन ब्रिटिश शासक की आकृति भी उकेरी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सिक्कों का कुल वजन लगभग 700 से 800 ग्राम है और उनकी अनुमानित कीमत करीब 1.75 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुरातत्व विभाग को दी गई सूचना
सिक्के मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार सुधीर कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन ने सिक्कों को सील कर अपने कब्जे में ले लिया है तथा मामले की सूचना पुरातत्व विभाग को भी भेज दी गई है।
अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सिक्कों की वास्तविक ऐतिहासिक महत्ता, धातु की शुद्धता और उनका कानूनी स्वामित्व क्या है।


No comments:
Post a Comment