मालखाने से हथियारों की तस्करी का सनसनीखेज खुलासा, हेड मोहर्रिर पर लगे गंभीर आरोप
चचेरे भाई की गिरफ्तारी के बाद खुला राज, पिस्टल-रिवॉल्वर समेत हथियारों का जखीरा बरामद; पुलिसकर्मी फरार
मेरठ/शामली। मेरठ के मवाना में अवैध हथियारों की तस्करी के एक कथित रैकेट का पर्दाफाश होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने एक युवक को पिस्टल, रिवॉल्वर, तमंचे और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि उसका चचेरा भाई, जो शामली के कांधला थाने में हेड मोहर्रिर के पद पर तैनात है, कथित तौर पर मालखाने से हथियार निकालकर उसे बेचने के लिए देता था।
पुलिस ने बरामद किए कई अवैध हथियार
सीओ मवाना पंकज लवानिया के अनुसार, गश्त के दौरान मिली सूचना पर पुलिस ने मटौरा निवासी 22 वर्षीय केशू यादव को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से .32 बोर की पिस्टल, .38 बोर की रिवॉल्वर, .315 बोर के तीन तमंचे, कई कारतूस और नकदी बरामद हुई।
पूछताछ में हेड मोहर्रिर का नाम आया सामने
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि बरामद हथियार कांधला थाने में तैनात उसके चचेरे भाई अमित कुमार यादव उपलब्ध कराता था। आरोपी का दावा है कि हेड मोहर्रिर अपने पद का दुरुपयोग कर मालखाने से हथियार और कारतूस निकालकर उसे तथा उसके साथी तुषार को बेचने के लिए देता था। कथित तौर पर बिक्री से होने वाली रकम आपस में बांटी जाती थी।
एफआईआर दर्ज, फरार आरोपियों की तलाश तेज
मामले में गिरफ्तार आरोपी के साथ हेड कांस्टेबल अमित कुमार यादव और उसके साथी तुषार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। केशू यादव को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment