Ccsu का 61वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय का 61वां स्थापना दिवस गुरुवार को मनाया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला सहित विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके उपरांत विश्वविद्यालय एवं राष्ट्र की उन्नति, समृद्धि तथा समस्त छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ विधि-विधानपूर्वक हवन एवं पूजन का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने विश्वविद्यालय परिवार को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय आज शिक्षा, शोध, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। यह प्रगति किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय से जुड़े प्रत्येक शिक्षक, कर्मचारी, शोधार्थी, छात्र-छात्रा एवं पूर्व छात्र के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करना नहीं होता, बल्कि उनमें नैतिक मूल्यों, अनुशासन, सामाजिक संवेदनशीलता और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध का विकास करना भी होता है। शिक्षा तभी सार्थक है जब वह व्यक्ति को एक जिम्मेदार, संवेदनशील और जागरूक नागरिक बनाए। हमारे विद्यार्थी अपने ज्ञान, कौशल और संस्कारों के माध्यम से समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं, यही विश्वविद्यालय की सबसे बड़ी उपलब्धि होगी। कुलपति ने कहा कि वर्तमान समय ज्ञान, तकनीक और नवाचार का युग है। ऐसे में विश्वविद्यालय का दायित्व है कि वह गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, कौशल विकास तथा रोजगारोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा देते हुए विद्यार्थियों को वैश्विक चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करे। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे समर्पण, ईमानदारी और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए विश्वविद्यालय को उत्कृष्टता के नए आयामों तक पहुंचाने में अपना योगदान दें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक सहयोग, सकारात्मक सोच और सतत प्रयासों से चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय भविष्य में भी शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

इस अवसर पर कार्यवाहक कुलसचिव प्रोफेसर भूपेंद्र सिंह, वित्त अधिकारी रमेश चंद्र, परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्णा यादव, प्रोफेसर वीरपाल सिंह, प्रोफेसर अतवीर सिंह, साहित्यिक सांस्कृतिक परिषद के समन्वयक प्रोफेसर कृष्णकांत शर्मा, प्रोफेसर राकेश कुमार शर्मा, प्रोफेसर रमाकांत ओझा, प्रोफेसर प्रदीप चौधरी, प्रोफेसर सरू कुमारी, डॉक्टर जमाल अहमद सिद्दीकी, प्रोफेसर संजीव कुमार , डॉक्टर गुलाब सिंह रुहल, डॉक्टर दुष्यंत चौहान, डॉक्टर ओमपाल सिंह, डॉक्टर वैशाली पाटिल, डॉक्टर योगेंद्र गौतम, डॉक्टर जितेंद्र गोयल, डॉक्टर विवेक कुमार, इंजीनियर मनीष मिश्रा, इंजीनियर विकास त्यागी, इंजीनियर मनोज कुमार, प्रेस प्रवक्ता मितेंद्र कुमार गुप्ता, सर्वोत्तम शर्मा, अमित शर्मा आदि मौजूद रहे। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts