सीजेपी ने राकेश टिकैत से की मुलाकात, किसान-युवा मुद्दों पर मांगा समर्थन

छात्रों के उत्पीड़न और मुकदमों की वापसी को लेकर आंदोलन फिर शुरू करने की चेतावनी

नई दिल्ली। छात्र आंदोलन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने अब किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को भी अपने आंदोलन से जोड़ने की कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में सीजेपी के प्रवक्ताओं ने भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के नेता राकेश टिकैत से मुलाकात कर किसान और युवा मुद्दों पर समर्थन मांगा। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में बीकेयू और सीजेपी संयुक्त रूप से किसी बड़े प्रदर्शन की रणनीति बना सकते हैं।

सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि यदि छात्रों का उत्पीड़न नहीं रुका और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो पार्टी जल्द ही दोबारा सड़कों पर उतरेगी। उन्होंने कहा कि 20 जुलाई को छात्रों ने पुलिस की कार्रवाई का सामना किया। इसके बावजूद यदि सरकार युवाओं के मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखाती है तो सीजेपी फिर आंदोलन करेगी।

सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास ने आरोप लगाया कि सरकार सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देकर अपने पूर्व के आश्वासन से पीछे हट रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ नई एफआईआर दर्ज नहीं करने और पुराने मामलों को वापस लेने का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

सीजेपी नेताओं का कहना है कि शिक्षा और छात्रों के मुद्दों के साथ अब किसानों और युवाओं की समस्याओं को भी साझा मंच पर उठाया जाएगा। राकेश टिकैत से मुलाकात को इसी रणनीति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts