सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन-1 बालक तैराकी चैंपियनशिप का आज होगा शुभारंभ, 200 स्कूलों के 1000 तैराक लेंगे भाग
मेरठ। आईआईएमटी एकेडमी के तत्वावधान में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन-1 (19) बालक तैराकी चैंपियनशिप 2026-27 का गुरुवार को भव्य शुभारंभ होगा। प्रतियोगिता का उद्घाटन सुबह 10 बजे प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं मेरठ दक्षिण के विधायक डॉ. सोमेंद्र तोमर करेंगे। चार दिवसीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और नोएडा रीजन के करीब 200 विद्यालयों के लगभग 1000 तैराक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आईआईएमटी एकेडमी की प्रधानाचार्या अलका शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता 29 जुलाई से 1 अगस्त तक आईआईएमटी विश्वविद्यालय परिसर स्थित अत्याधुनिक स्विमिंग पूल में आयोजित की जा रही है। इसमें 11, 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के बीच फ्रीस्टाइल, बैकस्ट्रोक, बटरफ्लाई, मेडले और विभिन्न रिले सहित 21 स्पर्धाएं होंगी। बुधवार को 800 मीटर और 1500 मीटर स्पर्धाओं की शुरुआती हीट कराई गई, जिसमें खिलाड़ियों ने अगले चरण के लिए क्वालिफाई किया।
आयोजकों के अनुसार विभिन्न राज्यों और जनपदों से पहुंचे खिलाड़ियों एवं अधिकारियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना की। आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योगेश मोहन गुप्ता, प्रति कुलाधिपति डॉ. मयंक अग्रवाल तथा आईआईएमटी स्कूल्स की प्रबंध संचालिका पियांशु अग्रवाल ने कहा कि यह प्रतियोगिता युवा तैराकों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ अनुशासन, समर्पण और खेल भावना को मजबूत करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करेगी।


No comments:
Post a Comment