ट्रांसफार्मर में भीषण आग, ओवरलोड बना कारण; जलभराव से नहीं पहुंच सकी दमकल

मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के लिसाड़ी गांव स्थित बिजोट रोड पर शनिवार रात करीब 10 बजे ट्रांसफार्मर में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें दूर तक दिखाई दीं और पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ट्रांसफार्मर पर क्षमता से अधिक लोड पड़ने के कारण उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस, दमकल और बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।

हालांकि, सड़क पर भारी जलभराव होने के कारण दमकल की गाड़ी ट्रांसफार्मर तक नहीं पहुंच सकी। रास्ता अवरुद्ध होने से दमकलकर्मियों को दूर से ही स्थिति पर नजर रखनी पड़ी और ट्रांसफार्मर लगातार जलता रहा।

करीब एक घंटे तक धू-धू कर जलने के बाद ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर बिजली के खंभे से नीचे गिर गया। एहतियात के तौर पर बिजली विभाग ने पहले ही पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी थी, जिससे किसी बड़े हादसे से बचाव हो सका।

घटना के बाद समर गार्डन और लिसाड़ी गांव सहित आसपास के इलाकों में देर रात तक अंधेरा छाया रहा। बिजली विभाग ने बताया कि क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को बदलकर जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts