मेरठ में दर्दनाक हादसा:

 10 फीट गहरे पानी में डूबे तांगा चालक और घोड़ा, अंडरपास में जलभराव बना मौत की वजह

मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र के बजौट रेलवे अंडरपास में शनिवार को हुए दर्दनाक हादसे में एक तांगा चालक और उसके घोड़े की डूबने से मौत हो गई। अंडरपास में करीब 10 फीट तक पानी भरा होने के कारण तांगा गहरे पानी में उतर गया, जिससे चालक और घोड़ा दोनों बाहर नहीं निकल सके।

मृतक की पहचान ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के गणेशपुरी खत्ता रोड निवासी 60 वर्षीय राकेश, पुत्र पूरन सिंह, के रूप में हुई है। वह एक डेयरी में कर्मचारी थे और शनिवार सुबह पशुओं के लिए चारा लेने निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंडरपास में पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने से तांगा पानी में फंस गया। घोड़े को बचाने की कोशिश में राकेश भी डूब गए।

घटना की सूचना मिलते ही लोहियानगर पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी ने अपनी जान जोखिम में डालकर पानी में छलांग लगाई और काफी प्रयास के बाद राकेश का शव बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से घोड़े और तांगे को भी पानी से बाहर निकाला गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अंडरपास में पिछले दो दिनों से जलभराव की समस्या बनी हुई थी, लेकिन समय रहते पानी निकासी और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। उन्होंने भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए स्थायी समाधान की मांग की है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts