राम मंदिर चढ़ावा चोरी:
40 दिन में 70 बार वारदात, 50 बार अविनाश ने उड़ाई रकम; अनुकल्प-लवकुश करते थे पूरी साजिश
अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। विशेष जांच दल (एसआईटी) और पुलिस की विवेचना के अनुसार, 40 दिनों में चढ़ावे की रकम 70 बार चोरी की गई। सीसीटीवी फुटेज में सबसे अधिक करीब 50 बार अविनाश शुक्ला चोरी करते हुए दिखाई दिया, जबकि अन्य आरोपी उसे कवर देने का काम करते थे।
जांच में सामने आया है कि चोरी की पूरी साजिश अनुकल्प मिश्रा और लवकुश मिश्रा मिलकर तैयार करते थे। वे तय करते थे कि कब और किस तरह रकम निकाली जाएगी। इसके बाद अविनाश शुक्ला मुख्य रूप से चढ़ावे की रकम निकालता था, जबकि मनीष और रमाशंकर भी कई बार इस काम में शामिल रहे। चोरी की गई रकम बाद में आपस में बांट ली जाती थी।
एसआईटी की जांच के मुताबिक, टिन्नू यादव और गणनाकर्मी सुभाष श्रीवास्तव की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। आरोप है कि दोनों अन्य लोगों की नजर से बचाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने में सहयोग करते थे।
सीसीटीवी फुटेज से यह भी स्पष्ट हुआ है कि आरोपी लगभग हर दिन दो बार चढ़ावे की रकम निकालते थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि कई बार वे दिन में तीन बार भी चोरी करते थे। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह सिलसिला तब से चल रहा था, जब से आरोपी इस कार्य से जुड़े थे। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।


No comments:
Post a Comment