एकेटीयू दीक्षांत समारोह में एमआईईटी के विद्यार्थियों को मिला ‘बेस्ट स्टार्टअप अवॉर्ड’
एक्सआर और एआई तकनीक से शिक्षा को दे रहे नई दिशा
मेरठ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू), लखनऊ के 24वें दीक्षांत समारोह में मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) के विद्यार्थियों ने स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। समारोह में प्रदेश के पांच उत्कृष्ट स्टार्टअप्स को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया, जिसमें एमआईईटी के विद्यार्थियों के स्टार्टअप वेक्सर इमर्सिव प्रा. लि. को वीमेन-लेड स्टार्टअप श्रेणी में प्रथम पुरस्कार मिला।
एमआईईटी की बीटेक छात्रा इर्तिका रहमान अंसारी और यश तोमर द्वारा स्थापित इस स्टार्टअप को राजधानी लखनऊ में आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सम्मानित किया। इस अवसर पर इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के चेयरमैन अरविंद सिंह साहनी, प्राविधिक शिक्षा मंत्री ई. आशीष पटेल, प्रमुख सचिव डॉ. एमके शनमुगा सुंदरम और एकेटीयू के कुलपति डॉ. जेपी पांडेय मौजूद रहे।
वेक्सर इमर्सिव प्रा. लि. एक्सआर (वर्चुअल रियलिटी, ऑगमेंटेड रियलिटी और मिक्स्ड रियलिटी) तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित एडटेक स्टार्टअप है, जो शिक्षा को अधिक प्रभावी और अनुभव आधारित बनाने की दिशा में काम कर रहा है। स्टार्टअप का उद्देश्य पारंपरिक शिक्षा पद्धति को इमर्सिव और प्रायोगिक अनुभव में बदलना है।
स्टार्टअप का प्रमुख समाधान ‘वेक्सर नेक्सा वर्चुअल लैब्स’ विद्यार्थियों को एआई आधारित वर्चुअल लैब में प्रयोग करने की सुविधा देता है। इसके माध्यम से सीमित संसाधनों वाले स्कूल और कॉलेजों के छात्र भी ‘लर्निंग बाय डूइंग’ के जरिए व्यावहारिक शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं।
वेक्सर इमर्सिव ने गाजियाबाद जल निगम के लिए जल संरक्षण जागरूकता पर आधारित वर्चुअल रियलिटी सिमुलेशन और फायर सेफ्टी एवं इमरजेंसी इवैक्यूएशन ड्रिल के लिए प्रशिक्षण आधारित इमर्सिव समाधान भी तैयार किए हैं। संस्थापकों का लक्ष्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा और कौशल विकास को अधिक सुलभ, प्रभावी और किफायती बनाना है।
इस उपलब्धि पर एमआईईटी के चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल, बरखा अग्रवाल, कैंपस निदेशक डॉ. संजय कुमार सिंह और एसीआईसी एमआईईटी फाउंडेशन के सीईओ रेहान अहमद ने विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


No comments:
Post a Comment