लापरवाही बरतने पर आशा की सेवा समाप्त 

जनसुनवाई में आयी डीएम के सामने शिकायत 

 महिला मरीज को सरकारी अस्पताल में भर्ती न करा कर प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया 

स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा के संबंध में डीएम ने दिये निर्देश

  मेरठ ।विकास भवन सभागार में सोमवार  जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति एवं संचारी रोग नियंत्रण संबंधी बैठक सम्पन्न हुई।समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी सरकारी अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण उपचार, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में डीएम ने माछरा सीएचसी के मानपुर की एक आशा कार्यकर्त्री की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए। उस पर आरोप था उसने एक गर्भवती महिला की डिलीवरी सरकारी अस्पताल में न करा कर प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां भारी भरकम बिल बैठा दिया। 

बैठक के दौरान जनसुनवाई में प्राप्त एक शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने माछरा सीएचसी क्षेत्र के ग्राम मानपुर की एक आशा कार्यकर्त्री द्वारा महिला मरीज को डिलीवरी हेतु मिलीभगत कर निजी अस्पताल में भर्ती कराने तथा कर्तव्यों में लापरवाही बरतने के प्रकरण पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में संबंधित आशा कार्यकर्त्री की सेवा समाप्त करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अनियमितताओं पर कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा सभी अधिकारी नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी मॉनीटरिंग सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सीएचसी, पीएचसी एवं अन्य सरकारी अस्पतालों में साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। अस्पतालों का नियमित निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर सतत निगरानी रखी जाए।

जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लंबित भुगतान पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्वास्थ्य योजना में जनपद की प्रगति औसत से कम नहीं होनी चाहिए। सभी योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध लक्ष्य प्राप्त किए जाएं तथा टीकाकरण अभियान में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए।

संचारी रोग नियंत्रण अभियान ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर हो 

संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा ‘‘स्कूल चलो अभियान’’ के साथ समन्वय स्थापित कर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए तथा मलेरिया एवं अन्य संचारी रोगों की रोकथाम हेतु माइक्रोप्लान के अनुसार कार्यवाही करते हुए साप्ताहिक समीक्षा एवं प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।बैठक में बिल भुगतान, उपकरण क्रय तथा यूनिसेफ, डब्ल्यूएचओ एवं यूएनडीपी से संबंधित प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं समयसीमा के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रसाद, जिला क्षय रोग अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेश कुमार गुप्ता, समस्त बीडीओ, समस्त बीईओ, एसीएमओ, एमओआईसी, सीडीपीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts