बरेली में रिश्तों का कत्ल
बरेली। भुता थाना क्षेत्र में हत्या के एक मामले की जांच में ऐसा खुलासा हुआ, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। जिस बेटे ने अपने पिता की हत्या का आरोप गांव के तीन लोगों पर लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था, वही जांच में पिता का हत्यारा निकला। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
यह मामला सहजनपुर हेतराम गांव का है। 25 मई 2025 को कृष्ण कुमार मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद मृतक के परिवार की ओर से गांव के तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया।
जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच में सामने आया कि जिन तीन लोगों को हत्या के मामले में नामजद किया गया था, वे घटना के समय गांव में मौजूद ही नहीं थे। इसके बाद पुलिस ने परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों से दोबारा पूछताछ की, जिसमें शक की सुई मृतक के बेटे धीरज मिश्रा की ओर घूम गई।
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान धीरज ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसके पिता लंबे समय से शराब, स्मैक और नशीले इंजेक्शन के आदी थे। नशे की वजह से उन्होंने परिवार की काफी संपत्ति बेच दी थी और आए दिन घर व गांव में विवाद करते थे। कई बार समझाने के बाद भी उनके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।
धीरज के अनुसार, 24-25 मई की रात उसके पिता नशे की हालत में गाली-गलौज कर रहे थे। इसी दौरान गुस्से में उसने घर में रखे मोटे डंडे से उनका गला दबा दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद खुद को बचाने के लिए उसने गांव के तीन लोगों के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज करा दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल की जांच और गवाहों के बयानों के आधार पर मामले की सच्चाई सामने आई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी धीरज मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


No comments:
Post a Comment