सेंट्रल मार्केट के पीड़ितों के समर्थन में उतरे अतुल प्रधान, राष्ट्रपति से मांगा मिलने का समय
पीड़ित महिलाओं ने लगाई न्याय की गुहार, राष्ट्रपति को भेजा पत्र
मेरठ। शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट में दुकानें और कारोबार प्रभावित होने का दावा करने वाली महिलाओं ने गुरुवार को सरधना से समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान के आवास पर पहुंचकर मुलाकात की। महिलाओं ने अपनी समस्याएं बताते हुए न्याय दिलाने की मांग की।
महिलाओं की बात सुनने के बाद विधायक अतुल प्रधान ने मामले को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के समक्ष उठाने का निर्णय लिया। उन्होंने राष्ट्रपति को पत्र भेजकर मुलाकात का समय मांगा है, ताकि पीड़ित महिलाओं के प्रतिनिधिमंडल के साथ जाकर पूरा प्रकरण उनके समक्ष रखा जा सके।
पत्र में विधायक ने उल्लेख किया है कि शास्त्रीनगर सेक्टर-2 स्थित सेंट्रल मार्केट के व्यापारी, विशेषकर बड़ी संख्या में महिलाएं, पिछले कई महीनों से अपनी रोजी-रोटी, रोजगार और पुनर्वास की मांग को लेकर आंदोलन कर रही हैं। उन्होंने लिखा कि प्रभावित परिवार मानसिक, आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं तथा न्याय की उम्मीद लगाए हुए हैं।
विधायक ने राष्ट्रपति से अनुरोध किया है कि सेंट्रल मार्केट के प्रतिनिधिमंडल को मिलने का समय प्रदान किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया जा सके और राहत दिलाने के लिए आवश्यक हस्तक्षेप किया जा सके।
पीड़ित महिलाओं ने कहा कि उन्हें राष्ट्रपति से न्याय की उम्मीद है। उनका कहना है कि यदि उन्हें अपनी बात सीधे रखने का अवसर मिलेगा तो उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल हो सकती है।


No comments:
Post a Comment