सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद फूटा व्यापारियों का आक्रोश, कटोरा लेकर महिलाओं का प्रदर्शन

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद व्यापारियों की आपात बैठक, आगे की रणनीति पर मंथन

मेरठ। शास्त्री नगर समेत आवास विकास परिषद की विभिन्न योजनाओं में सेटबैक विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद गुरुवार को आंदोलनरत व्यापारियों ने धरना स्थल पर आपात बैठक आयोजित की। बैठक में योजना संख्या-7, शास्त्री नगर, जागृति विहार और माधवपुरम के व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।

धरना स्थल पर पिछले 91 दिनों से आंदोलन कर रहीं महिलाओं ने हाथों में कटोरा लेकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और भावुक होकर अपनी नाराजगी व्यक्त की। प्रदर्शन के दौरान कई महिलाएं रो पड़ीं और धरना समाप्त न करने का संकल्प दोहराया।

बैठक में आंदोलन की आगामी रणनीति, कानूनी विकल्पों और अधिकारों की रक्षा के लिए आगे उठाए जाने वाले कदमों पर विस्तार से चर्चा की गई। व्यापारियों का कहना था कि यदि फांसी जैसी सजा पर भी पुनर्विचार संभव है, तो जनहित में सेटबैक नियमों पर भी पुनर्विचार किया जाना चाहिए।

धरना स्थल पर "हमारा अधिकार हमें चाहिए", "एकता ही हमारी शक्ति", "सेटबैक नियम पर पुनर्विचार करो" और "हम लड़ेंगे, जीतेंगे" जैसे नारों के साथ आंदोलन को और मजबूत करने का आह्वान किया गया।

गौरतलब है कि शास्त्री नगर सहित आवास विकास परिषद की कई योजनाओं में सेटबैक और व्यावसायिक उपयोग को लेकर लंबे समय से विवाद बना हुआ है। व्यापारी नियमों में राहत की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में गुरुवार को हुई यह बैठक आंदोलन की आगामी दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts