कांवड़ यात्रा के लिए ट्रैफिक प्लान जारी, मेट्रो-नमो भारत स्टेशनों तक पहुंचने के लिए विशेष रूट तय
मेरठ, 16 जुलाई (संवाददाता)। 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर मेरठ पुलिस ने विस्तृत यातायात योजना जारी कर दी है। कांवड़ यात्रा के दौरान आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नमो भारत ट्रेन और मेट्रो स्टेशनों तक पहुंचने के लिए विशेष मार्ग निर्धारित किए गए हैं। साथ ही चार पहिया हल्के वाहनों के दिल्ली आवागमन के लिए भी वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं।
मेट्रो और नमो भारत यात्रियों को नहीं रोका जाएगा
एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि नमो भारत और मेट्रो ट्रेन से यात्रा करने वाले लोगों को कांवड़ यात्रा के दौरान भी आवागमन की अनुमति रहेगी। शास्त्रीनगर, मवाना रोड और यूनिवर्सिटी रोड क्षेत्र के लोग माल रोड होते हुए जीरो माइल पहुंच सकेंगे, जबकि हापुड़ रोड क्षेत्र के निवासी बेगमपुल नमो भारत स्टेशन तक आसानी से पहुंच सकेंगे। बिजली बंबा मार्ग से शताब्दीनगर नमो भारत स्टेशन तक भी आवागमन की व्यवस्था रहेगी।
कांवड़ मार्ग पर एक लेन कांवड़ियों के लिए, दूसरी आम वाहनों के लिए
हापुड़ रोड, गढ़ रोड और दिल्ली रोड पर यातायात इस प्रकार संचालित किया जाएगा कि एक लेन कांवड़ियों के लिए सुरक्षित रहेगी, जबकि दूसरी लेन से स्थानीय लोग अपने वाहनों के साथ आवागमन कर सकेंगे। ई-रिक्शा और ऑटो के संचालन पर प्रतिबंध की स्थिति में यात्रियों को मेट्रो और नमो भारत सेवा का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (ग्रीन फील्ड हाईवे) पर कांवड़ियों के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सभी कटों पर पुलिस बल तैनात रहेगा और कांवड़ियों को केवल परंपरागत मार्गों से ही यात्रा करने दी जाएगी।
दिल्ली जाने के लिए चार वैकल्पिक मार्ग
कांवड़ यात्रा के दौरान चार पहिया हल्के वाहनों के लिए चार वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं—
- मार्ग-1: हापुड़ रोड–पीवीएस रोड–एल ब्लॉक चौकी–बिजली बंबा बाइपास–परतापुर इंटरचेंज होकर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे।
- मार्ग-2: यूनिवर्सिटी रोड–तेजगढ़ी–पीवीएस रोड–हापुड़ रोड–डासना–गाजियाबाद होते हुए दिल्ली।
- मार्ग-3: यूनिवर्सिटी रोड–टैंक चौराहा–कंकरखेड़ा–दिल्ली-देहरादून हाईवे–मोदीनगर–मुरादनगर–गाजियाबाद होकर दिल्ली। यह मार्ग वन-वे रहेगा।
- मार्ग-4: यूनिवर्सिटी रोड–कंकरखेड़ा–परतापुर इंटरचेंज–दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के माध्यम से गाजियाबाद, नोएडा और दिल्ली।
एक्सप्रेसवे पर जारी रहेगा वाहनों का संचालन
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हल्के और भारी वाहनों का संचालन जारी रहेगा। यदि कांवड़ियों की संख्या अधिक बढ़ती है तो यातायात व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार आगे निर्णय लिया जाएगा।


No comments:
Post a Comment