जिले में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों का समय बदला, डीएम का आदेश सभी बोर्ड पर लागू
मेरठ, 16 जुलाई (संवाददाता)। जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह के निर्देश पर मेरठ जिले में कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी बोर्ड के स्कूलों का समय बदल दिया गया है। अब सभी विद्यालय सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक संचालित होंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
सभी बोर्ड के विद्यालय होंगे शामिल
बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) आशा चौधरी ने बताया कि आदेश परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य सभी बोर्ड के हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को निर्धारित समय के अनुसार उपस्थित रहकर शिक्षण कार्य संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पहले सुबह 7:30 से 12:30 बजे तक था समय
अब तक जिले के अधिकांश विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित हो रहे थे। नए आदेश के अनुसार विद्यालयों की अवधि बढ़ाते हुए समय सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे निर्धारित किया गया है।
आदेश के पालन के निर्देश
बीएसए ने सभी विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया है कि शासन के आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बीएड परीक्षा फार्म जमा करने की तिथि बढ़ी
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने सत्र 2025-26 के बीएड प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के परीक्षा फार्म मूल माइग्रेशन प्रमाण पत्र सहित जमा करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई से बढ़ाकर 27 जुलाई कर दी है। परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित तिथि तक मूल माइग्रेशन प्रमाण पत्र के साथ परीक्षा फार्म अनिवार्य रूप से जमा कराएं। बिना मूल माइग्रेशन प्रमाण पत्र के किसी भी विद्यार्थी का परीक्षा फार्म स्वीकार नहीं किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment