बारुईपुर रेप-हत्या मामले में आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में ढेर

 पुलिस ने बताया- हथियार छीनकर की थी फायरिंग

दक्षिण 24 परगना (पश्चिम बंगाल): बारुईपुर के सूर्यपुर इलाके में 11 वर्षीय बच्ची से कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले के मुख्य आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल की जांच के लिए ले जाए जाने के दौरान आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर छीन ली और पुलिस टीम पर गोली चलाने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया, जिसके बाद अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बारुईपुर पुलिस के मुताबिक, मंगलवार की रात करीब 12:45 बजे जांच अधिकारी अपनी टीम के साथ आरोपी प्रभास मंडल को सूर्यपुर स्थित घटनास्थल पर लेकर पहुंचे थे। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान आरोपी ने अचानक एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और फायरिंग कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी को गोली लगी।

पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी को तत्काल बारुईपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

लापता होने के बाद मिला था बच्ची का शव

यह मामला शनिवार को सामने आया था, जब सूर्यपुर इलाके से 11 वर्षीय बच्ची लापता हो गई थी। परिजनों के अनुसार, बच्ची शाम के समय घर के बाहर खेल रही थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिवार और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

अगली सुबह सूर्यपुर हाट इलाके से बच्ची का शव बरामद किया गया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और कई स्थानों पर विरोध-प्रदर्शन हुए। प्रदर्शन के दौरान हिंसा, तोड़फोड़ और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं भी सामने आईं।

जांच में सामने आईं कई बातें

पुलिस के अनुसार, जांच में यह बात सामने आई है कि बच्ची को कथित तौर पर एक झोपड़ी में ले जाया गया, जहां कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। पुलिस का दावा है कि वारदात से पहले आरोपियों ने नशीले पदार्थों का सेवन किया था। जांच एजेंसियां अब फॉरेंसिक और अन्य वैज्ञानिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही हैं।

प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के फेफड़ों में पानी मिलने की बात सामने आई है, जिससे संकेत मिलता है कि तालाब में फेंके जाने के समय वह जीवित हो सकती थी। हालांकि, अंतिम निष्कर्ष फॉरेंसिक और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने हत्या में शामिल होने के संदेह में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस अब पूरे मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts