पहली बारिश में मेरठ की व्यवस्था बेनकाब

 कलेक्ट्रेट, MDA और महापौर कार्यालय तक जलभराव

मेरठ: मंगलवार सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई मानसून की पहली बारिश ने नगर निगम के दावों की पोल खोल दी। कुछ ही देर की बारिश में कलेक्ट्रेट, एसएसपी कार्यालय, महापौर कार्यालय, एमडीए कार्यालय सहित शहर के कई प्रमुख इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश के बाद कई मोहल्लों और मुख्य मार्गों पर नालों का पानी सड़कों पर फैल गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय पर नालों की सफाई नहीं होने के कारण पानी की निकासी बाधित रही, जिससे जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई। पार्षदों द्वारा पहले ही नालों की सफाई की मांग उठाई गई थी, लेकिन पर्याप्त कार्रवाई न होने का खामियाजा अब शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है।

शहर के पॉश इलाके साकेत स्थित मनोरंजन पार्क परिसर और आसपास की सड़कों पर भी भारी जलभराव देखने को मिला। वीआईपी क्षेत्र माने जाने वाले इस इलाके में पानी भरने से नगर निगम की तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब शहर के सबसे विकसित क्षेत्र का यह हाल है, तो अन्य इलाकों की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।

उधर, शहर में चल रहा CM ग्रिड प्रोजेक्ट भी लोगों की परेशानी बढ़ाने का कारण बना। परियोजना को 30 जून तक पूरा करने का दावा किया गया था, लेकिन काम अभी भी अधूरा है। जिन क्षेत्रों में निर्माण कार्य जारी है, वहां बारिश के कारण कीचड़ और फिसलन की स्थिति बन गई। कई जगह वाहन फंस गए और लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

शास्त्री नगर, जागृति विहार, दिल्ली रोड, लिसाड़ी गेट, माधवपुरम, गंगानगर, बेगमपुल, हापुड़ अड्डा और आसपास के कई क्षेत्रों में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। कई स्थानों पर नालियां ओवरफ्लो हो गईं, जिससे गंदा पानी सड़कों और रिहायशी इलाकों में फैल गया। दोपहिया और चारपहिया वाहन पानी में बंद हो गए, जबकि राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

पहली ही बारिश में मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल की खुली पोल

मानसून की पहली तेज बारिश ने मंगलवार को शहर की स्वास्थ्य व्यवस्था की तैयारियों की पोल खोल दी। लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और महिला जिला अस्पताल में बारिश का पानी घुस जाने से मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पतालों की ओपीडी, गैलरियों और परिसर में जलभराव होने से घंटों तक अव्यवस्था का माहौल बना रहा।सबसे अधिक प्रभावित लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज रहा। यहां ओपीडी और गैलरियों में पानी भर जाने से मरीजों को उपचार के लिए आने-जाने में कठिनाई हुई। कई मरीजों और उनके परिजनों को पानी के बीच से गुजरकर वार्डों तक पहुंचना पड़ा। वहीं अस्पताल कर्मचारियों को भी कामकाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।


जिला अस्पताल और महिला जिला अस्पताल में भी जल निकासी की व्यवस्था पहली ही बारिश में जवाब दे गई। अस्पताल परिसर में पानी भरने से मरीजों और तीमारदारों को काफी असुविधा हुई। लोगों का कहना है कि हर साल बरसात से पहले नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही बारिश में इन दावों की हकीकत सामने आ जाती है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अस्पतालों और आसपास के क्षेत्रों की जल निकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि बरसात के दौरान मरीजों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts