के.एल. स्कूल में सड़क सुरक्षा पर जागरूकता कार्यशाला
मेरठ। के.एल. इंटरनेशनल स्कूल में बस चालकों, परिचालकों और परिवहन कर्मचारियों के लिए सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालय परिवहन से जुड़े कर्मचारियों को सुरक्षित वाहन संचालन और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यशाला में विशेषज्ञों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी। उन्होंने वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, यातायात संकेतों का सम्मान करने और विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
विशेषज्ञों ने कहा कि सड़क पर थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में प्रत्येक चालक की जिम्मेदारी है कि वह सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाए, ताकि बच्चों की यात्रा सुरक्षित रहे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने कहा कि इस तरह की जागरूकता कार्यशालाएं परिवहन कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने सभी चालकों और परिचालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा को हमेशा प्राथमिकता देने का आह्वान किया।


No comments:
Post a Comment