कांवड़ यात्रा-2026:

 वाराणसी मॉडल अब मेरठ में लागू, बिजली के खंभों पर लगेगा सुरक्षा कवच 

मेरठ।  कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है। इस बार वाराणसी में अपनाए गए सुरक्षा मॉडल को मेरठ में लागू किया जाएगा। कांवड़ मार्ग और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में लगे बिजली के खंभों को मोटी प्लास्टिक शीट से कवर किया जाएगा, ताकि करंट लगने की आशंका को पूरी तरह खत्म किया जा सके।

बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, खंभों को प्लास्टिक कवर करने का काम 15 जुलाई से शुरू किया जाएगा। पहले चरण में उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां से बड़ी संख्या में कांवड़िए गुजरते हैं और दोनों ओर घनी आबादी है।

विभाग का कहना है कि बारिश के मौसम में नमी और जलभराव के कारण विद्युत हादसों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में बिजली के खंभों को सुरक्षित कवर करने से दुर्घटनाओं की संभावना को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। इसके अलावा कांवड़ मार्ग पर बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य विद्युत उपकरणों का विशेष निरीक्षण कराया जाएगा। खराब उपकरणों की मरम्मत और आवश्यक सुधार कार्य समय रहते पूरे किए जाएंगे।

पीवीवीएनएल एमडी रवीश गुप्ता ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए विशेष टीमों की तैनाती की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय रखा जाएगा, जिससे शिकायतों का तत्काल समाधान किया जा सके।

हर साल लाखों शिवभक्त मेरठ से होकर हरिद्वार और अन्य धार्मिक स्थलों की ओर कांवड़ लेकर जाते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन और बिजली विभाग संयुक्त रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts