फर्जी आईडी बनाकर छात्राओं की अश्लील फोटो पोस्ट करने वाला गिरफ्तार

आरोपियों के डर से छात्राओं ने छोड़ा स्कूल जाना, परिजनों ने थाने पहुंचकर की शिकायत

मेरठ। सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर छात्राओं की आपत्तिजनक फोटो पोस्ट करने वाले एक आरोपी को ब्रह्मपुरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर छात्राओं और अन्य युवतियों की फोटो एडिट कर अश्लील टिप्पणियों के साथ फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अपलोड करता था। आरोपियों की हरकतों से परेशान होकर कई छात्राओं ने स्कूल जाना तक बंद कर दिया था।

ब्रह्मपुरी थाने पहुंचे छात्राओं के परिजनों ने पुलिस को बताया कि कुछ मनचले उनकी बेटियों की फोटो खींचकर उन्हें अश्लील तरीके से सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं। आरोपी स्कूल आते-जाते छात्राओं को परेशान करते हैं और दोस्ती करने का दबाव बनाते हैं। विरोध करने पर फोटो को और ज्यादा आपत्तिजनक बनाकर वायरल करने तथा जान से मारने और अगवा करने की धमकी देते हैं।

परिजनों की शिकायत पर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में एक आरोपी अदनान उर्फ दिलनवाज निवासी बिलाल मस्जिद के पास, खुशहाल कॉलोनी, थाना ब्रह्मपुरी को गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी राजेश कंबोज ने बताया कि शिकायत में विनय, माही उर्फ बिल्लो निवासी भगवतपुरा और अदनान के नाम सामने आए थे। आरोप है कि तीनों ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर “nimmiisapna” नाम से फर्जी आईडी बनाकर छात्राओं और अन्य युवतियों के फोटो आपत्तिजनक टिप्पणियों के साथ पोस्ट किए।

थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts