कांवड़ यात्रा की तैयारियां तेज, सुरक्षा में नहीं होगी कोई चूक : एडीजी

मेरठ। आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। मंगलवार को एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर ने डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी के साथ बागपत स्थित ऐतिहासिक पुरा महादेव मंदिर पहुंचकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं और सुरक्षा व्यवस्था ऐसी हो कि कहीं भी किसी प्रकार की चूक की गुंजाइश न रहे।

निरीक्षण के दौरान एडीजी ने एसपी बागपत सूरज कुमार राय के साथ कांवड़ मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार किया जाए, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात भी सुचारु बना रहे।

एडीजी और डीआईजी ने पुरा महादेव मंदिर परिसर स्थित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बंद पड़े कैमरों को तत्काल चालू कराने, निगरानी व्यवस्था मजबूत करने और समय रहते मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

एडीजी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें ताकि यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

निरीक्षण के बाद एडीजी भानु भास्कर और डीआईजी कलानिधि नैथानी ने पुरा महादेव मंदिर में भगवान आशुतोष के दर्शन कर जलाभिषेक किया। इस दौरान बागपत पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts