संभव जन-सुनवाई में 33 विद्युत शिकायतों पर हुई सुनवाई, कई मामलों का मौके पर निस्तारण

मेरठ, 7 जुलाई। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) मुख्यालय ऊर्जा भवन में मंगलवार को ‘संभव’ कार्यक्रम के तहत जन-सुनवाई का आयोजन किया गया। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) के निर्देशन में हुई इस जन-सुनवाई में मेरठ, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, नोएडा समेत विभिन्न जिलों से पहुंचे उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी समस्याओं को सुना गया।

जन-सुनवाई के दौरान मीटर, बिलिंग, पीडी (स्थायी विच्छेदन) सहित अन्य विद्युत मामलों से जुड़ी कुल 33 शिकायतें और प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए। वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर उपभोक्ताओं को तत्काल राहत प्रदान की।

जिन शिकायतों का मौके पर समाधान नहीं हो सका, उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का निस्तारण पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और उपभोक्ता हितों को ध्यान में रखते हुए किया जाए।

जन-सुनवाई में मुख्य अभियंता मो. सगीर, गुलाब सिंह, राजकुमार, गुरजीत सिंह और रजनीकांत मिश्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा अधीक्षण अभियंता अनुराग भल्ला, अभिषेक सिंह, मो. अरशद, सौरभ मंगला, प्रशांत सोनी, डी.वी. सिंह समेत अधिशासी अभियंता और उपखंड अधिकारी भी शामिल हुए।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts