12 जुलाई को मेरठ में लगेंगे 30.83 लाख पौधे

 वृक्षारोपण अभियान की तैयारियां तेज

मेरठ। जिले में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि शासन के निर्देशों के तहत 12 जुलाई को जनपद मेरठ में वन विभाग और विभिन्न विभागों के सहयोग से 30 लाख 83 हजार 600 पौधों का रोपण किया जाएगा। अभियान में मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर निकायों के अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

समीक्षा के दौरान प्रभागीय निदेशक ने बताया कि जिन विभागों से पौधों की मांग प्राप्त हो चुकी है, उन्हें इंडेंट जारी कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने मांग पत्र 8 जुलाई तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध करा दें। इसके बाद किसी भी मांग पत्र को स्वीकार नहीं किया जाएगा। देरी की स्थिति में संबंधित विभाग को स्वयं पौधों की व्यवस्था कर निर्धारित लक्ष्य पूरा करना होगा।

जिलाधिकारी ने नगर निगम और मेरठ विकास प्राधिकरण को कैंट क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों द्वारा किए जाने वाले वृक्षारोपण के लिए एक-एक स्थल चिन्हित कर उसी दिन सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत, जिला पंचायत और ग्राम पंचायतों को भी अपने क्षेत्रों में पौधारोपण स्थलों का चयन कर जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी वृक्षारोपण स्थलों पर गड्ढों की खुदाई, पौधारोपण और फोटो की जानकारी 12 जुलाई को सुबह 6 बजे से प्रत्येक घंटे प्रभागीय निदेशक कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम को भेजी जाए। सभी स्थलों की जियो टैगिंग अनिवार्य होगी। जियो टैगिंग नहीं होने पर संबंधित विभाग की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि प्रत्येक विभाग एक कर्मचारी को नामित करे, जो 12 जुलाई को सुबह 6:30 बजे कंट्रोल रूम में उपस्थित रहकर वृक्षारोपण अभियान से जुड़ी सूचनाओं के आदान-प्रदान को सुनिश्चित करेगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts