बलूचिस्तान में पुलिस चौकी पर आतंकी हमला, दो एसएचओ समेत नौ जवानों की मौत
सुरक्षा अभियान में 15 आतंकी ढेर, पांच पुलिसकर्मियों के अगवा होने की खबर
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान के जियारत जिले में सोमवार देर रात आतंकियों ने पुलिस चौकी को निशाना बनाया। हमले में दो थाना प्रभारियों (एसएचओ) समेत नौ पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। घटना के बाद चलाए गए संयुक्त सुरक्षा अभियान में 15 आतंकियों के मारे जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, हमलावर पांच पुलिसकर्मियों को अगवा कर अपने साथ ले गए।
जियारत के पुलिस अधीक्षक अब्दुल कुदूस के अनुसार, आतंकियों ने कच मांगी फेज-3 इलाके में स्थित पुलिस चौकी पर हमला किया। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मारे गए पुलिस अधिकारियों में मांगी थाना प्रभारी मोहम्मद हुसैन और कोवास थाना प्रभारी सोहबत खान शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि हमले के बाद सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच रातभर भीषण गोलीबारी हुई। शहीद पुलिसकर्मियों के शवों को जियारत जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री के सूचना सलाहकार शाहिद रिंद ने बताया कि मांगी इलाके में आतंकियों के खिलाफ चलाया गया अभियान पूरा कर लिया गया है। इस अभियान में 15 आतंकी मारे गए। कार्रवाई में फ्रंटियर कॉर्प्स, बलूचिस्तान पुलिस, काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट, स्पेशल ऑपरेशंस विंग और एंटी-टेररिज्म फोर्स ने हिस्सा लिया।
पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने हमले की निंदा करते हुए शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि ऐसे हमले आतंकवाद के खिलाफ देश के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकते।
हमले के बाद जियारत में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन भी हुए। इनमें स्थानीय कबीलों, ट्रांसपोर्टरों और शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने बलूचिस्तान को पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा से जोड़ने वाले प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों को जाम कर दिया, जिससे बड़ी संख्या में यात्री बसें और मालवाहक वाहन प्रभावित हुए।


No comments:
Post a Comment