बेगमपुल चौराहे पर धंसी सड़क, बीच सड़क बना गहरा गड्ढा
पुलिस ने बैरिकेडिंग कर टाला हादसा
मेरठ। शहर के व्यस्त बेगमपुल चौराहे पर शनिवार देर रात अचानक सड़क धंसने से बीच सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया। घटना स्थल के पास अंडरग्राउंड मेट्रो और नमो भारत (आरआरटीएस) स्टेशन होने के कारण स्थिति गंभीर हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल बैरिकेडिंग कर यातायात को सुरक्षित मार्ग से डायवर्ट कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क धंसने से कई वाहन चालक और राहगीर गड्ढे में गिरने से बाल-बाल बच गए। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते कोई जनहानि नहीं हुई।
चार दिन पूर्व मूसलाधार बारिश के बाद शहर में जलभराव और सड़क क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कई अंडरपास पानी से भर गए थे और विभिन्न क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हुई थी। बेगमपुल चौराहे पर सड़क धंसने की घटना ने शहर की आधारभूत संरचना और मानसून पूर्व तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने प्रभावित क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित कर संबंधित विभाग को सड़क की मरम्मत के लिए सूचना दे दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते बैरिकेडिंग नहीं की जाती तो यह घटना बड़े हादसे में बदल सकती थी। नगर निगम से जल्द मरम्मत और सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग भी उठाई गई है। रविवार को निगम ओर से गडडे का भरने के प्रयास किए गये


No comments:
Post a Comment