सांसद अरुण गोविल के प्रतिनिधि के घर शादी समारोह में चोरी, 10 लाख से अधिक नकदी-जेवरात लेकर फरार चोर
हापुड़। शहर में शादी की खुशियों के बीच चोरी की बड़ी वारदात से हड़कंप मच गया। वरिष्ठ भाजपा नेता और सांसद अरुण गोविल के प्रतिनिधि अशोक बबली के घर शादी समारोह के दौरान चोरों ने बंद कमरे की खिड़की तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए।
जानकारी के अनुसार, परिवार में शादी समारोह मनोहर रिजेंसी मैरिज होम में आयोजित था। इसी दौरान रविवार सुबह चोरों ने घर के एक बंद कमरे को निशाना बनाया। खिड़की तोड़कर अंदर घुसे चोर नकदी और आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में 10 लाख रुपये से अधिक की नकदी और जेवरात होने की बात सामने आई है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने शुरू किए। पुलिस ने कमरे की खिड़की समेत अन्य स्थानों की जांच की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शादी समारोह के कारण घर में मेहमानों का लगातार आना-जाना लगा हुआ था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने बंद कमरे को निशाना बनाया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द खुलासे का प्रयास जारी है।


No comments:
Post a Comment