किसानों की खुशहाली का रोडमैप तैयार, फसल विविधीकरण और प्राकृतिक खेती पर प्रशासन का जोर
डीएम डॉ. वीके सिंह ने खेतों पर तकनीकी प्रदर्शन और प्रगतिशील किसानों को प्रशिक्षण दिलाने के दिए निर्देश
मेरठ। विकास भवन सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में कृषि तकनीकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) की गवर्निंग बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में आत्मा योजना के साथ नेशनल फूड सिक्योरिटी एवं पोषण मिशन, मिशन फॉर आत्मनिर्भरता इन पल्सेज, नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल, नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग, नमामि गंगे, पीकेवीवाई एवं उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के तहत वर्ष 2025-26 में कराए गए कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। साथ ही वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित लक्ष्यों एवं प्रस्तावित कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि आत्मा योजना के तहत वर्ष 2025-26 के लिए अनुमोदित 4.01 करोड़ रुपये की कार्ययोजना के सापेक्ष 97.14 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हुई, जिसमें से 88.19 लाख रुपये व्यय किए गए। वर्ष 2026-27 के लिए प्राप्त कार्यकारी लक्ष्यों के अनुसार कृषि एवं संबद्ध विभागों के लिए तैयार 3.13 करोड़ रुपये की जिला कृषि कार्ययोजना को गवर्निंग बोर्ड ने मंजूरी प्रदान की।
बैठक में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने निर्देश दिए कि किसानों के खेतों पर तकनीकी प्रदर्शनों का आयोजन कराया जाए और आसपास के अन्य किसानों को भी इन प्रदर्शनों में अपनाई गई आधुनिक तकनीकों का अवलोकन कराया जाए। उन्होंने जनपद के प्रगतिशील किसानों का चयन कर प्राकृतिक एवं जैविक खेती के क्षेत्र में अच्छे संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए। किसानों को उर्वरकों के संतुलित प्रयोग तथा कीटनाशकों का कम से कम उपयोग करने के लिए जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि के साथ गन्ना, उद्यान, मत्स्य, पशुपालन, एलडीएम और नाबार्ड सहित सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से किसानों को फसल विविधीकरण के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने पिछले वर्ष दरभंगा, बिहार से मखाने की खेती का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले किसानों को मखाने की खेती की तैयारी करने तथा अन्य किसानों को भी इसके लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने आत्मा योजना के तहत स्किल ट्रेनिंग फॉर रूरल यूथ कार्यक्रम के लिए पात्र लाभार्थियों का चयन कर उन्हें तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रगतिशील किसानों मदनपाल सिंह राली चौहान, राजकुमार बाफर, कमल सिंह चौहान, प्रेमचंद शर्मा, सुनील फौजी भामोरी, हरिराम एवं डालचंद उत्पन ने अपने अनुभव एवं सुझाव साझा किए।
बैठक में कृषि विभाग के साथ गन्ना, पशुपालन, मत्स्य एवं उद्यान विभाग के अधिकारी, गवर्निंग बोर्ड के सदस्य, प्रगतिशील किसान तथा आत्मा योजना के तहत कार्यरत संविदा कार्मिक मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment