साइबर ठगी से बचाएगा ‘साइबर कॉप’, बंधन बैंक ने रोहित शेट्टी के साथ शुरू किया देशव्यापी जागरूकता अभियान
सीएसआर पहल के तहत डिजिटल सुरक्षा को लेकर लोगों को किया जाएगा जागरूक, ‘रुको, जांचो, रिपोर्ट करो’ का दिया संदेश
मुंबई। साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों के बीच बंधन बैंक ने सीएसआर पहल के तहत देशव्यापी साइबर जागरूकता अभियान ‘साइबर कॉप’ शुरू करने की घोषणा की है। अभियान की पहुंच बढ़ाने के लिए मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी भी इससे जुड़े हैं। इस पहल का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करना और बढ़ते साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए सतर्क एवं जिम्मेदार बनाना है।
अभियान ऐसे समय शुरू किया गया है, जब देशभर में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से दर्ज शिकायतों में कथित साइबर धोखाधड़ी से जुड़े नुकसान का आंकड़ा करीब 22,495 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जबकि इस दौरान 24 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं।
‘साइबर कॉप’ अभियान फिल्मों, जागरूकता संदेशों और विभिन्न माध्यमों से लोगों तक पहुंच बनाकर साइबर सुरक्षा को सरल और व्यवहारिक बनाने पर केंद्रित है। अभियान के तहत लोगों को साइबर ठगी से बचने के लिए एक आसान आदत अपनाने का संदेश दिया जा रहा है—‘रुको, जांचो, रिपोर्ट करो।’ साथ ही साइबर अपराध की घटनाओं की तत्काल सूचना नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल और 1930 हेल्पलाइन के माध्यम से देने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
फिल्ममेकर रोहित शेट्टी अभियान की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। अपने चर्चित ‘कॉप यूनिवर्स’ के माध्यम से वह लोगों के बीच साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता का संदेश पहुंचा रहे हैं। अभियान में इस बात पर जोर दिया जा रहा है कि साइबर खतरे अब रोजमर्रा की डिजिटल जिंदगी का हिस्सा बन चुके हैं और इनसे बचने के लिए सतर्कता बेहद जरूरी है।
बंधन बैंक के प्रवक्ता ने कहा कि साइबर फ्रॉड भारत के डिजिटल इकोसिस्टम के सामने बड़ी चुनौतियों में से एक है। ‘साइबर कॉप’ के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे कोई भी कदम उठाने से पहले रुकें, किसी पर भरोसा करने से पहले जानकारी की जांच करें और साइबर अपराध होने पर तुरंत रिपोर्ट करें।
बैंक के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य लोगों को डिजिटल वित्तीय सेवाओं का इस्तेमाल करते समय सुरक्षित एवं जिम्मेदार निर्णय लेने के लिए सशक्त बनाना है। अभियान के जरिए जागरूकता बढ़ाने, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को प्रोत्साहित करने और साइबर धोखाधड़ी की समय पर रिपोर्टिंग पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
‘साइबर कॉप’ बंधन बैंक की सीएसआर पहल है, जिसे हिंदुस्तान टाइम्स ने प्रस्तुत किया है और एडेंट सोशल वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन द्वारा लागू किया जा रहा है। अभियान जागरूकता, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और साइबर फ्रॉड की समय पर रिपोर्टिंग पर केंद्रित है।


No comments:
Post a Comment