मेरठ छात्रा हत्याकांड: टोल प्लाजा पर पीड़ित परिवार से मिले सांसद चंद्रशेखर, न्याय की लड़ाई में साथ देने का भरोसा

मेरठ। रोहटा क्षेत्र के थिरोट गांव की छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर शुक्रवार को राजनीतिक हलचल तेज रही। पीड़ित परिवार से मिलने मेरठ पहुंचे आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को पुलिस ने सिवाया टोल प्लाजा पर रोक दिया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद प्रशासन ने पीड़ित परिवार को टोल प्लाजा स्थित कंट्रोल रूम बुलाया, जहां सांसद ने उनसे मुलाकात की।

मुलाकात के दौरान एसपी देहात अभिजीत कुमार भी मौजूद रहे। चंद्रशेखर आजाद ने मृतका की मां और बहन से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली तथा परिवार को हरसंभव मदद और न्याय की लड़ाई में साथ देने का भरोसा दिया।

टोल प्लाजा पर चला हाई वोल्टेज ड्रामा

सांसद चंद्रशेखर के मेरठ पहुंचने से पहले ही पुलिस प्रशासन ने सिवाया टोल प्लाजा पर भारी पुलिस बल तैनात कर बैरिकेडिंग कर दी थी। बड़ी संख्या में आजाद समाज पार्टी के समर्थक भी मौके पर पहुंच गए, जिससे काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। सांसद ने पीड़ित परिवार से मिलने की अनुमति मिलने तक वहीं डटे रहने की बात कही। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई।

गांव में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

छात्रा हत्याकांड के बाद पुलिस ने थिरोट गांव में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। गांव के सभी प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाहरी लोगों, राजनीतिक संगठनों और मीडिया के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल भी रोका गया

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को भी गांव में प्रवेश की अनुमति नहीं मिली। पुलिस ने प्रतिनिधिमंडल को रासना आश्रम चौराहे पर ही रोक दिया।

प्रतिनिधिमंडल में विशाल वशिष्ठ, अरुण त्यागी, नवीन गुर्जर, शाहरुख प्रधान, कारी इरफान सोलना, राकेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि वे पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी लेने और उन्हें न्याय दिलाने की लड़ाई में समर्थन देने पहुंचे थे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts