अयोध्या को ₹432 करोड़ की सौगात, सपा-कांग्रेस पर जमकर बरसे सीएम योगी

हनुमानगढ़ी में नमाज के मुद्दे पर साधा निशाना, दो नगर पंचायतों के नाम बदलने का किया ऐलान

अयोध्या (एजेंसी)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या दौरे के दौरान बीकापुर में आयोजित जनसभा में जिले को 432 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व मंत्री स्वर्गीय मुन्ना सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां भी वितरित कीं।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक अयोध्या विकास से वंचित रही। आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि "सपा और कांग्रेस ने हनुमानगढ़ी मंदिर की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप किया। क्या कोई जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा पढ़ सकता है?"

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अयोध्या विकास और विरासत दोनों क्षेत्रों में नई पहचान बना रही है। उन्होंने कहा कि साफ नीयत और मजबूत इच्छाशक्ति के कारण डबल इंजन की सरकार ने अयोध्या का स्वरूप बदल दिया है। उनके अनुसार, प्रभु श्रीराम की कृपा और हनुमान जी के आशीर्वाद से अयोध्या तेजी से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रही है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या अब अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के माध्यम से देश और दुनिया से जुड़ चुकी है। पहले सरयू नदी की सफाई की अनदेखी होती थी, लेकिन अब नदी के संरक्षण और शहर के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने अयोध्या में वह कार्य कर दिखाए हैं, जो पिछले 500 वर्षों में नहीं हो सके।

दो नगर पंचायतों के नाम बदलने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान खिरौनी-सोहावल नगर पंचायत का नाम बदलकर 'मां ज्वाला देवी नगर पंचायत' तथा भरतकुंड-भदरसा नगर पंचायत का नाम 'भरत नगर-भरतकुंड' किए जाने की घोषणा की।

कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts