छात्रा हत्याकांड में बड़ा एक्शन, आरोपी अंकुश चौधरी का भाई अंकित गिरफ्तार
पीएसी सिपाही पर साक्ष्य छिपाने का आरोप, पुलिस ने कोर्ट में किया पेश
मेरठ। चर्चित छात्रा हत्याकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अंकुश चौधरी के भाई अंकित चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। अंकित पीएसी में सिपाही है और उसकी तैनाती मुरादाबाद में थी। पुलिस ने उसे साक्ष्य छिपाने के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले की जांच अभी जारी है।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान अंकित चौधरी की भूमिका सामने आने के बाद कार्रवाई की गई। इससे पहले पुलिस विभाग को पत्र भेजकर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई थी, जिसके बाद पीएसी सिपाही को निलंबित कर दिया गया था। छात्रा के परिजन लगातार अंकित की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
मामला टीपीनगर थाना क्षेत्र की बीए छात्रा से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, 15 मई को छात्रा परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन कॉलेज नहीं पहुंची। आरोप है कि रोहटा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी अंकुश चौधरी उसे अपने साथ ले गया था। पुलिस का कहना है कि उकसिया गांव में ईख के खेत में विवाह का दबाव बनाने के दौरान विवाद हुआ, जिसके बाद छात्रा की हत्या कर दी गई।
इस मामले में पुलिस मुख्य आरोपी अंकुश चौधरी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा साक्ष्य छिपाने के आरोप में खेत मालिक आदेश समेत अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जा चुकी है। छात्रा के परिजनों ने मामले में सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए अंकित चौधरी और उसकी मां की गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
छात्रा हत्याकांड को लेकर पीड़ित परिवार और विभिन्न संगठनों की ओर से कई दिनों तक धरना-प्रदर्शन भी किया गया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पर लगे आरोपों को लेकर भी मामला काफी चर्चा में रहा था।


No comments:
Post a Comment