छात्रा हत्याकांड के प्रदर्शन में आरोपी सुशील गौतम की भूमिका की जांच तेज
उमर खालिद और खालिद सैफी के साथ तस्वीरें मिलने पर पुलिस ने खंगालने शुरू किए संबंध
मेरठ। रोहटा छात्रा हत्याकांड को लेकर हुए प्रदर्शन और उपद्रव मामले में पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। पुलिस को उपद्रव के आरोपी सुशील गौतम की कुछ तस्वीरें मिली हैं, जिनमें वह दिल्ली दंगा मामले के आरोपियों उमर खालिद और खालिद सैफी के साथ दिखाई दे रहा है। पुलिस अब इन तस्वीरों के आधार पर तीनों के बीच कथित संबंधों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, सुशील गौतम ने एक कार्यक्रम में उमर खालिद के साथ मंच साझा किया था। इसके अलावा दोनों के साथ उसकी अन्य तस्वीरें भी सामने आई हैं। दिल्ली दंगा मामले में उमर खालिद और खालिद सैफी पर यूएपीए (गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम) के तहत कार्रवाई की गई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान उपद्रव का आरोप
छात्रा हत्याकांड में आरोपियों पर कार्रवाई और धाराएं बढ़ाने की मांग को लेकर नौ जुलाई को पीड़ित परिवार और बड़ी संख्या में लोग कमिश्नरी पार्क पहुंचे थे। इसके बाद प्रदर्शनकारी कलक्ट्रेट के सामने पहुंचकर मार्ग जाम कर धरने पर बैठ गए थे। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन में कुछ असामाजिक तत्व भी शामिल हो गए थे।
पुलिस के मुताबिक, समझाने के बाद भी जाम नहीं खोला गया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों पर पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता, अशोभनीय टिप्पणी और मारपीट के आरोप लगाए गए। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर जाम खुलवाया था।
आठ आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी
पुलिस ने इस मामले में 16 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था, जिनमें से आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री की जांच की। अधिकारियों ने कई घंटे तक प्रोजेक्टर के माध्यम से वीडियो और तस्वीरों का अवलोकन कर संदिग्धों की पहचान की। पुलिस अब चिन्हित आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनकी गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।



No comments:
Post a Comment