‘संवाद से संवरता भविष्य’, राजनीति विज्ञान की छात्राओं को बताए करियर के नए रास्ते
रघुनाथ गर्ल्स पीजी कॉलेज में करियर काउंसलिंग एवं इंटरैक्टिव सेशन, यूजीसी-नेट, सिविल सेवा से लेकर थिंक टैंक और मीडिया तक के अवसरों की दी जानकारी
मेरठ। रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, मेरठ के राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से एमए राजनीति विज्ञान की छात्राओं के लिए ‘संवाद से संवरता भविष्य’ विषय पर करियर काउंसलिंग एवं इंटरैक्टिव सेशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से आयोजित हुआ। मुख्य वक्ता एसडी कॉलेज, गाजियाबाद के राजनीति विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. साकेत सिसोदिया रहे।
डॉ. साकेत सिसोदिया ने छात्राओं को राजनीति विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने उच्च शिक्षा, यूजीसी-नेट/जेआरएफ, सिविल सेवा, राज्य लोक सेवा आयोग, शोध, शिक्षण, नीति निर्माण, थिंक टैंक, मीडिया एवं गैर-सरकारी संगठनों में रोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इंटरैक्टिव सत्र के दौरान छात्राओं ने करियर योजना, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, शोध के अवसर, समय प्रबंधन और कौशल विकास से जुड़े सवाल पूछे। डॉ. सिसोदिया ने छात्राओं के प्रश्नों के व्यावहारिक एवं प्रेरणादायक उत्तर देते हुए उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, निरंतर अध्ययन करने और समसामयिक घटनाओं पर मजबूत पकड़ बनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि करियर निर्माण के लिए विषय की समझ के साथ संवाद कौशल, विश्लेषण क्षमता और नियमित अध्ययन भी बेहद जरूरी है। छात्राओं को अपने रुचि क्षेत्र की पहचान कर उसी के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को करियर के प्रति जागरूक करना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना रहा। छात्राओं ने संवादात्मक सत्र को उपयोगी और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें करियर को लेकर नई दिशा और संभावनाओं की जानकारी मिली।
कार्यक्रम का संचालन राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से किया गया। अंत में अतिथि वक्ता के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


No comments:
Post a Comment