पढ़ाई के साथ कमाई भी करेंगे आईटीआई छात्र, मेरठ में ‘अर्न व्हाइल यू लर्न’ योजना की शुरुआत


राजकीय आईटीआई साकेत के फैशन टेक्नोलॉजी और मोटर मैकेनिक ट्रेड के विद्यार्थियों को मिलेगा उद्योगों में व्यावहारिक प्रशिक्षण, काम के बदले मिलेगा पारिश्रमिक

मेरठ। अब मेरठ के आईटीआई छात्र-छात्राएं पढ़ाई के साथ कमाई भी कर सकेंगे। प्रदेश सरकार की ‘अर्न व्हाइल यू लर्न’ योजना के तहत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) साकेत के विद्यार्थियों को कक्षा में सैद्धांतिक शिक्षा के साथ उद्योगों और प्रतिष्ठानों में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि में विद्यार्थियों को काम के बदले पारिश्रमिक भी मिलेगा, जिससे वे पढ़ाई के दौरान ही आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा सकेंगे।

योजना के लिए मेरठ के राजकीय आईटीआई साकेत का चयन किया गया है। सत्र 2026-27 में प्रवेश लेने वाले फैशन टेक्नोलॉजी और मोटर मैकेनिक ट्रेड के विद्यार्थी इसका लाभ उठाएंगे। शुरुआत के तीन महीने तक छात्र-छात्राएं संस्थान में नियमित पढ़ाई करेंगे। इसके बाद उन्हें संबंधित प्रतिष्ठानों में भेजा जाएगा, जहां वे अपने ट्रेड से जुड़े कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

बुटीक और मोटर सेंटर बनेंगे प्रशिक्षण केंद्र

फैशन टेक्नोलॉजी ट्रेड की छात्राएं शहर के प्रतिष्ठित बुटीक से जुड़कर डिजाइनिंग, सिलाई और परिधान निर्माण की बारीकियां सीखेंगी। वहीं मोटर मैकेनिक ट्रेड के विद्यार्थी प्रमुख मोटर रिपेयरिंग सेंटरों पर इंजन, इलेक्ट्रिकल सिस्टम और वाहन मरम्मत का व्यावहारिक प्रशिक्षण लेंगे। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को उनके कार्य के अनुसार पारिश्रमिक भी दिया जाएगा।

पढ़ाई के साथ रोजगार का कौशल

योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल प्रमाणपत्र तक सीमित रखने के बजाय उन्हें उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना है। इससे प्रशिक्षण पूरा करने के बाद छात्र-छात्राएं रोजगार के लिए अधिक तैयार होंगे और स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ सकेंगे।

हर जिले में जरूरत के हिसाब से ट्रेड

प्रदेश सरकार ने प्रत्येक जिले की औद्योगिक जरूरतों और रोजगार की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग ट्रेड का चयन किया है। मेरठ में फैशन टेक्नोलॉजी और मोटर मैकेनिक ट्रेड को योजना में शामिल किया गया है। आगे चलकर अन्य ट्रेडों को भी चरणबद्ध तरीके से जोड़े जाने की संभावना है।

40 आईटीआई में साकेत को मिली जिम्मेदारी

मेरठ जिले में वर्तमान में छह राजकीय और 34 निजी समेत कुल 40 आईटीआई संचालित हैं। इनमें राजकीय आईटीआई साकेत को इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए चुना गया है। इससे जिले के तकनीकी शिक्षा क्षेत्र को नई दिशा मिलने और विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

प्राचार्य बोले, प्रशिक्षण के साथ आमदनी का भी अवसर

राजकीय आईटीआई साकेत के प्राचार्य संजीव कुमार ने बताया कि योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में सीखी तकनीकी शिक्षा का व्यावहारिक अनुभव दिलाना है। फैशन टेक्नोलॉजी और मोटर मैकेनिक ट्रेड के विद्यार्थी प्रशिक्षण के दौरान कमाई भी करेंगे और कोर्स पूरा होने तक अपने क्षेत्र में दक्ष भी हो जाएंगे। इससे उन्हें रोजगार हासिल करने या अपना काम शुरू करने में आसानी होगी।

प्रदेश में आईटीआई की स्थिति

  • 290 राजकीय आईटीआई संचालित
  • 38 आईटीआई पीपीपी मॉडल पर
  • 2,932 निजी आईटीआई
  • 12 महिला आईटीआई
  • राजकीय आईटीआई में 1.35 लाख से अधिक सीटें
  • निजी आईटीआई में 3.43 लाख से अधिक सीटें
  • 98 ट्रेड में प्रशिक्षण की सुविधा
  • मेरठ में कुल 40 आईटीआई, जिनमें 6 राजकीय और 34 निजी संस्थान शामिल

No comments:

Post a Comment

Popular Posts